800 का नशा लेते ही झाड़ियों में गिरा युवक, मुंह से निकला झाग; बठिंडा में नशे का बढ़ा खौफ
बठिंडा में रेलवे लाइनों के पास एक युवक 800 रुपये में नशा खरीदने और इंजेक्शन लगाने के बाद बेहोश मिला।

800 रुपये में खरीदा नशा, इंजेक्शन लगाते ही बेहोश हुआ युवक।
HighLights
युवक रेलवे लाइनों के पास झाड़ियों में बेहोश मिला
800 रुपये में नशा खरीदकर इंजेक्शन लगाया था
सहारा जनसेवा ने सिविल अस्पताल पहुंचाया, होश आया
जागरण संवाददाता, बठिंडा। शहर में नशे के बढ़ते प्रभाव का एक और मामला सामने आया है। जनता नगर क्षेत्र में रेलवे लाइनों के पास झाड़ियों में एक युवक नशे का इंजेक्शन लगाने के बाद बेहोशी की हालत में मिला। वीरवार की रात करीब नौ बजे युवक के बेहोश पड़े होने की सूचना सहारा जनसेवा की लाइफ सेविंग ब्रिगेड को मिली।
सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची। युवक की हालत बेहद गंभीर थी। वह पूरी तरह बेहोश था, उसके मुंह से झाग निकल रहा था और सांस भी काफी धीमी चल रही थी। सहारा जनसेवा के सदस्य संदीप सिंह गिल एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे।
स्थानीय लोगों की मदद से युवक को स्ट्रेचर पर उठाकर एंबुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचाया गया। ड्यूटी पर तैनात डाक्टर दपिंदर सिंह ने युवक की गंभीर हालत को देखते हुए तुरंत उपचार शुरू किया। डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ ने उसकी लगातार निगरानी की।
करीब डेढ़ घंटे की कोशिश के बाद युवक को होश आया। होश में आने पर उसने अपना नाम लवकुश बताया। उसने बताया कि उसने 800 रुपये में नशा खरीदा था और उसे इंजेक्शन के जरिए लेने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद वह बेहोश होकर रेलवे लाइनों के पास झाड़ियों में गिर गया।
उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पहले भी शहर की दाना मंडी के पास एक युवती नशे की हालत में मिली थी, जिसे पुलिस ने उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया था। नशे से जुड़ी दो घटनाओं ने शहर में नशे के बढ़ते प्रभाव को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
