दुकान में बना रखी थी टकसाल, 40 हजार लेकर देता था एक लाख के नकली नोट
दुकान में नकली नोट तैयार करने वाले एक युवक को सीआइए ने काबू किया है। उससे दो हजार व एक सौ के नकली नोट बरामद किए गए हैं।
जेएनएन, बठिंडा। पुलिस की सीआइए-2 टीम ने एक ऐसे शातिर व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसने दुकान को ही नकली नोट छापने की टकसाल बना डाला था। फोटोग्राफी का काम करते हुए वह कलर्ड प्रिंटर की मदद से जाली करंसी तैयार करने लगा। उसके कब्जे से दो हजार के 55 तथा एक सौ के 56 नोट बरामद हुए हैं। इसके अलावा उससे कलर्ड प्रिंटर भी बरामद किया गया है।
सब इंस्पेक्टर गुरिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी गांव भूंदड़ निवासी रणजीत सिंह के अन्य साथी मनप्रीत सिंह की तलाश की जा रही है। दोनों के खिलाफ थाना मौड़ में केस दर्ज किया गया। रणजीत सिंह को रविवार को अदालत में पेश किया गया। जहां से रिमांड हासिल करने के बाद कड़ी पूछताछ की जा रही है।
इंटरनेट से मिला आइडिया
रणजीत सिंह की घर के बाहर राणा डिजिटल फोटो स्टूडियो के नाम से दुकान है। अपने काम के लिए उसने दुकान में कंप्यूटर व प्रिंटर भी लगा रखा था। पूछताछ में उसने बताया कि इंटरनेट की एक साइट पर उसने देखा कि कंप्यूटर व प्रिंटर की मदद से हर तरह के नोट छापे जा सकते हैं। वहीं से उसे आइडिया मिल गया। गांव में बेकार घूम रहे मनप्रीत ने उसका हौसला बढ़ाया। पहले 15 दिन तक वह कोशिश करता रहा, अंत में वह नोट तैयार करने में कामयाब हो गया।
सादे पेपर पर बनाता था नोट
रणजीत ने नोट बनाने में तो सफलता प्राप्त कर ली, मगर उसके लिए वह सही पेपर का इंतजाम नहीं कर सका। इसलिए वह बाजार में मिलने वाले सादे पेपर का ही इस्तेमाल कर रहा था। नोट तैयार करने के बाद वह बाजार में मिलने वाली हरे रंग की प्रिंटर सेलो टेप को सफाई से काट कर एक-एक नोट पर तार वाली जगह पर चिपका देता। तैयार करंसी को खपाने का काम मनप्रीत किया करता था।
40 हजार में देते थे एक लाख
अब तक की पूछताछ में रणजीत ने बताया कि मनप्रीत एक लाख की जाली करंसी आगे 40 हजार रुपये में बेच देता था। करीब चार महीने पहले उन लोगोंं ने करंसी छापने की कोशिश की थी, उसके बाद साढ़े तीन महीने में वे लोग ढाई लाख की जाली करंसी बाजार में खपा चुके हैं। मनप्रीत ने उसे कह रखा था कि वह एक महीने में उसे लाख रुपये छाप कर दे, जिसके बदले में वह उसे चालीस हजार रुपये देगा। वह आगे ग्राहक से कितने पैसे लेता था और किन लोगोंं के संपर्क में था, इसके बारे में उसकी गिरफ्तारी के बाद ही खुलासा हो सकेगा।
यह भी पढ़ें: युवती से छेड़छाड़ के बाद लगा दी घर में आग, पिता को भी किया जख्मी