एक दिन पहले पत्नी की हत्या में सुनाई थी उम्रकैद, जेल जाते ही फंदा लगा की खुदकुशी
गांव जीदा जिला बठिडा ने देर रात केंद्रीय जेल बठिडा गोबिदपुरा के अंदर ही फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली है।
जासं, बठिडा : पत्नी की हत्या के मामले में शुक्रवार को उम्रकैद होने से आहत कैदी अंग्रेज सिंह (33) निवासी गांव जीदा, जिला बठिडा ने देर रात केंद्रीय जेल बठिडा गोबिदपुरा के अंदर ही फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली है। उसका शव जेल प्रशासन ने शनिवार सुबह जेल परिसर के अंदर से लटकता हुआ बरामद किया। उसे नीचे उतरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल बठिडा पहुंचाया गया। वहीं मामले की जानकारी थाना कैंट पुलिस के अलावा जिला मजिस्ट्रेट को दी गई। इसके बाद ड्यूटी मजिस्ट्रेट की देखरेख में डाक्टरों के एक बोर्ड ने मृतक कैदी के शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे स्वजनों को सुपुर्द कर दिया। मृतक कैदी अंग्रेज सिंह को बीती शुक्रवार को जिला सेशन जज कमलजीत लांबा की अदालत ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या करने के मामले में उम्रकैद सुनाई थी। इसके बाद उसे जेल भेज दिया था। सजा का फैसला आने के बाद कैदी अंग्रेज सिंह काफी परेशान व दुखी था। सजा होने के बाद कैदी जेल में पूरी रात सोया नहीं व मौका मिलते ही जेल में चल रहे निर्माण कार्य के लिए लगाई लकड़ी में रस्सी से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। जेल प्रशासन के गार्द ने उसका शव फंदे पर लटका देखा तो मामले की जानकारी पुलिस को दी। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में पहुंचाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वही मामले की जानकारी उसके परिजनों को दे दी गई है। सजा सुनने के बाद वह मानसिक तौर पर आहत हो गया था व जेल में जाकर भी किसी से बात नहीं कर रहा था। कैदियों के सोते की उसने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया।
दूसरी तरफ जेल सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं कि एक कैदी जिसे बैरक में रखा गया था वह फंदा बनाने के साथ उसमें लटक जाता है व इसकी भनक किसी को भी नहीं लग सकी। शराब के नशे में एक साल पहले की
थी पत्नी की हत्या
27 जनवरी 2019 को थाना नहियांवाला पुलिस को दर्ज कराई शिकायत में सुखपाल सिंह वासी लालियावांली जिला मानसा ने बताया था कि उसकी छोटी बहन संदीप कौर (25) साल की शादी मृतक कैदी अंग्रेज सिंह निवासी गांव जीदा के साथ करीब 8 साल पहले हुई थी। उनके दो पांच और तीन साल के दो बेटे हैं। 26 जनवरी 2019 को उसकी बहन संदीप कौर से उसकी फोन पर बात हुई थी जिसने उसे बताया था कि उसका पति शराब पीकर उसके साथ झगड़ा करता है। शराब के नशे में वह उसके साथ मारपीट भी करता है इसलिए अंग्रेज सिंह से उसकी जान को खतरा है। इसके बाद सुखपाल अपने भाई कुलदीप सिंह को साथ लेकर अगले दिन अपनी बहन संदीप कौर से मिलने के लिए उसके ससुराल गांव जीदा पहुंचा। उसने देखा कि उसके जीजा अंग्रेज सिंह ने उसकी बहन संदीप कौर का गला घोंटकर हत्या कर दी थी। इसके बाद पुलिस मृतक महिला के भाई के बयानों पर आरोपित अंग्रेज सिंह पर हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया था।