विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'मेरी मौत के जिम्मेदार पत्नी और पुलिसकर्मी...', बठिंडा में युवक की मौत से पहले का खौफनाक वीडियो आया सामने

Published: Mon, 28 Sep 2026 04:43 PM (IST)

मौड़ खुर्द में एक युवक की मौत से पहले का वीडियो सामने आया है, जिसमें उसने अपनी पत्नी, सास-ससुर और ...और पढ़ें

बठिंडा में युवक की मौत से पहले का वीडियो सामने आया, पत्नी व पुलिसकर्मी पर लगाए परेशान करने के आरोप। एआई जेनरेटेड तस्वीर।

बठिंडा में युवक की मौत से पहले का वीडियो सामने आया, पत्नी व पुलिसकर्मी पर लगाए परेशान करने के आरोप। एआई जेनरेटेड तस्वीर।

HighLights

  1. मृतक युवक ने वीडियो में पत्नी, सास-ससुर पर लगाए आरोप।

  2. एक पुलिसकर्मी पर भी प्रताड़ना और धमकी देने का आरोप।

  3. परिजनों ने वीडियो को जांच में शामिल करने की मांग की।

जागरण संवाददाता, बठिंडा। मौड़ खुर्द में एक युवक की मौत के मामले में उसके द्वारा बनाया गया कथित वीडियो सामने आने के बाद मामला गंभीर हो गया है। मृतक ने वीडियो में अपनी पत्नी, सास-ससुर सहित एक अन्य रिश्तेदार और मौड़ थाने में तैनात एक पुलिसकर्मी पर उसे परेशान और धमकाने के आरोप लगाए हैं।

वीडियो में युवक ने अपने परिजनों से माफी मांगते हुए अपनी मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की है। पुलिस को यह वीडियो मृतक के मोबाइल फोन से मिला है। हालांकि, वीडियो कब बनाया गया था, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।

मृतक की पहचान मौड़ खुर्द में महक पैलेस के पास रहने वाले फिरोज खां के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, फिरोज की शादी करीब डेढ़ साल पहले मानसा जिले के चकेरिया गांव की सोनिया रानी के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद रहने लगा था। परिवार का दावा है कि कई बार दोनों पक्षों के बीच पंचायत के स्तर पर समझौता भी कराया गया, लेकिन विवाद पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ।

मृतक की मां प्रवीण कौर ने आरोप लगाया कि उनकी बहू उनके बेटे को लंबे समय से परेशान कर रही थी। उन्होंने दावा किया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था और बेटे से पैसों की मांग भी की जाती थी। मां ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित पुलिसकर्मी के माध्यम से उनके बेटे को डराया-धमकाया जाता था।

मृतक के भाई हनीफ खां ने बताया कि घटना से पहले भी सोनिया ने फिरोज को फोन किया था। परिवार का आरोप है कि विवाद को लेकर पहले भी पुलिस से संपर्क किया गया था, लेकिन उन्हें अपेक्षित मदद नहीं मिली।

वीडियो को जांच में शामिल करने की मांग

परिजनों के अनुसार, फिरोज ने मौत से पहले बनाए गए वीडियो में पत्नी सोनिया रानी, ससुर जसवीर सिंह, सास पम्मी, एक अन्य रिश्तेदार और मौड़ थाने के एक पुलिसकर्मी पर परेशान करने और धमकाने के आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि वीडियो में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और इसे मामले की जांच का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।

घटना के बाद परिवार के सदस्य और किसान यूनियन एकता डकौंदा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौड़ थाने पहुंचे। ब्लाक प्रधान हेमराज सहित संगठन के सदस्यों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच करने और आरोपों की जांच के बाद आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने संबंधित पुलिसकर्मी की भूमिका की भी जांच किए जाने की मांग रखी।

जांच के आधार पर होगी कार्रवाई: एसएचओ

मौड़ थाने के एसएचओ तरुणदीप सिंह ने कहा कि मामले में परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और दर्ज बयानों के आधार पर ही कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस वीडियो में लगाए गए आरोपों समेत मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।