कम वजन की अंगूठी होने पर दूल्हे ने फेंकी, दुल्हन ने शादी से किया इंकार
बठिडा लाइनपार इलाके में स्थित दुग्गल पैलेस में चल रहे विवाह समागम में उस समय हंगामा हो गया जब दुल्हन ने शादी से इंकार करते हुए बारात के साथ जाने से इंकार कर दिया।
जासं, बठिडा : लाइनपार इलाके में स्थित दुग्गल पैलेस में चल रहे विवाह समागम में उस समय हंगामा हो गया, जब दुल्हन ने शादी से इंकार करते हुए बारात के साथ जाने से इंकार कर दिया। दुल्हन के परिजनों का आरोप है कि बरातियों ने मिलनी के दौरान उनके द्वारा दी गई अंगूठियों का वजन कम होने के कारण उन्हें लेने से इंकार करते हुए हंगामा किया, जबकि दूल्हे के परिजनों ने आरोप लगाया कि लड़की वालों ने रिबन काटने की रस्म के दौरान 11 हजार रुपये नहीं देने पर हंगामा किया। ऐसे में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए समागम में हंगामा कर दिया। मामला थाने में पहुंच गया, लेकिन दुल्हन के परिजनों ने थाना जाने से इंकार कर दिया और वहीं दुल्हन को भी बरात के साथ नहीं भेजने की बात कहीं। देर रात तक खबर लिखे जाने तक पुलिस दोनों पक्षों का समझौता करवाने की कोशिश रही थी।
जानकारी अनुसार की करदास मोहल्ला निवासी एक व्यक्ति की बेटी की शादी फिरोजपुर निवासी एक युवक से शनिवार को तय की गई थी। तय समय अनुसार फिरोजपुर से बरात लाइनपार इलाके में स्थित दुग्गल पैलेस में पहुंची। बरात के पहुंचने के बाद उस समय हंगामा हो गया, जब दोनों परिवार मिलनी करने लगे। इस दौरान लड़की के परिजनों ने आरोप लगाया कि दुल्हन के पिता ने अपनी हैसियत मुताबिक सोने की चार अंगूठियां मिलनी के लिए तैयार करवाई, जिसमें से एक अंगूठी दुल्हे को भी पहनाई गई, लेकिन अंगूठी पहनने के बाद दूल्हा भड़क उठा और अंगूठी काफी हल्की होने की बात कहकर उसे अंगुली से निकालकर फेंक दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि दूल्हे के परिवार वाले भी इस बात को लेकर बहस करने लगे और कहा कि उन्हें छह अंगूठियां बनाने के लिए कहा था। इस बात का जब पता दुल्हन को लगा, तो उसने शादी करने से इंकार कर दिया। दुल्हन ने कहा कि लड़के वाले इतने लालची हैं, ससुराल जाने पर भी लड़के वालों का लालच खत्म नहीं होगा। बेहतर यहीं है कि शादी को यहीं रोक दिया जाए। यह कहकर लड़की अपने भाई के साथ घर चली गई। काफी समय तक दोनों पक्षों में बहसबाजी होती रही, जबकि लड़कों वालों ने आरोप लगाया कि लड़कीं वालों ने रिबन काटने की रस्म पर पैसे नहीं देने पर हंगामा किया, जबकि उनके द्वारा दी गई सभी अंगूठियां उन्हें तुरंत वापस कर दी गई थीं। थाना कैनाल कॉलोनी के एएसआइ धर्मा सिंह ने बताया कि मामले की सूचना मिलने पर वह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर गए थे। उन्होंने दोनों पक्षों से बातचीत करने की कोशिश की और उन्हें थाने भी बुलाया, लेकिन लड़कीं वालों ने थाने में आने से इंकार कर दिया है, जबकि लड़कों वाले ने अपनी शिकायत दर्ज करवा दी है। पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्षों का समझौता करवाने की कोशिश कर रही है।