विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बठिंडा की सरहिंद नहर में मिला टैटू वाले व्यक्ति का शव, एक दिन पहले लापता युवक होने की आशंका गहराई

Published: Thu, 11 Jun 2026 04:39 PM (IST)

बठिंडा में सरहिंद नहर से करीब 40 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। शरीर पर बने कई टैटुओं के ...और पढ़ें

ये AI जनरेटेड इमेज है।

ये AI जनरेटेड इमेज है।

जागरण संवाददाता, बठिंडा। बठिंडा में सरहिंद नहर से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। गुरुवार सुबह उड़िया कालोनी से बहमन पुल की ओर जाने वाले मार्ग के निकट नहर में शव दिखाई देने की सूचना मिलने पर पुलिस और समाजसेवी संस्था के सदस्य मौके पर पहुंचे।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि मृतक वही व्यक्ति हो सकता है, जो एक दिन पहले नहर में नहाने के दौरान बह गया था। जानकारी के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही नौजवान वेलफेयर सोसायटी बठिंडा के वालंटियर सुमित माहेश्वरी, आकाश गर्ग और विशाल चौहान मौके पर पहुंचे।

उन्होंने पुलिस को सूचना देने के साथ-साथ राहत कार्य में भी सहयोग किया। संस्था के सदस्यों ने नहर में उतरकर शव को बाहर निकाला और पुलिस के हवाले किया।

यह भी पढ़ें- बठिंडा छावनी में सेना के जवान की आत्महत्या मामले में बड़ा मोड़, जांच के बाद पत्नी पर केस दर्ज

शव पर मिले टैटू

पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष प्रतीत होती है। हालांकि अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। मृतक के शरीर पर बने कई टैटू उसकी पहचान की महत्वपूर्ण कड़ी माने जा रहे हैं।

मृतक की छाती के बाईं ओर हिंदी में ‘जय माता दी’ गुदा हुआ है। इसके अलावा बाएं कंधे पर भगवान शिव का चित्र बना हुआ है। दाएं कंधे पर सांप पकड़े हुए एक बाज और उसके नीचे शेर का टैटू बना हुआ है। दाहिने हाथ की हथेली के पीछे ‘ॐ’ का चिन्ह भी गुदा हुआ मिला है।

लापता व्यक्ति हो सकता है मृतक

प्राथमिक जांच में पुलिस को संदेह है कि यह शव उस व्यक्ति का हो सकता है, जो एक दिन पहले शिवबाड़ी वाली झाल के पास नहर में नहाने के दौरान बह गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उस समय दो व्यक्ति नहर में उतरे थे। इनमें से एक व्यक्ति को लोगों ने तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया था, जबकि दूसरा पानी के तेज बहाव में बह गया था और तब से लापता था।

यह भी पढ़ें- फतेहगढ़ साहिब में सड़क हादसा, मदद के इंतजार में खड़े कैथल के दो युवकों को ट्रक ने कुचला; यूरोप जाने का सपना टूटा

पुलिस ने कार्रवाई की शुरू

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए आसपास के थानों और लापता व्यक्तियों के रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। साथ ही परिजनों की तलाश भी की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों के बारे में अधिक स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। वहीं, नहर से शव मिलने की घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है और लोग मृतक की पहचान सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- दवाई लेकर लौट रहा था परिवार, फरीदकोट में तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर; पिता और मासूम की मौत