विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बठिंडा में रेलवे ट्रैक को उड़ाने की धमकी से हड़कंप, ई-मेल के बाद स्टेशन पर जांच तेज

Published: Mon, 20 Apr 2026 02:46 PM (IST)

बठिंडा में ईमेल के जरिए रेलवे ट्रैक उड़ाने की धमकी के बाद स्टेशन पर पुलिस तैनात कर जांच शुरू की ...और पढ़ें

बठिंडा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के सामान की जांच करते हुए।

बठिंडा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के सामान की जांच करते हुए।

HighLights

  1. अज्ञात ईमेल से बठिंडा रेलवे ट्रैक उड़ाने की धमकी मिली।

  2. चंडीगढ़ के एक कॉलेज को भी निशाना बनाने की बात कही।

  3. बठिंडा रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा कड़ी, जांच जारी है।

जागरण संवाददाता, बठिंडा। बठिंडा में सोमवार को एक अज्ञात ईमेल के जरिए रेलवे ट्रैक को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। इस घटना ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ईमेल में न केवल बठिंडा रेलवे ट्रैक को निशाना बनाने की बात कही गई, बल्कि चंडीगढ़ के एक कॉलेज को भी उड़ाने की धमकी दी गई है, जिससे मामले की संवेदनशीलता और बढ़ गई है।

धमकी मिलते ही बठिंडा रेलवे स्टेशन पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया और आने जाने वाले यात्रियों की जांच शुरू कर दी गई। स्टेशन परिसर में हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है और संदिग्ध वस्तुओं की तलाश के लिए विशेष निगरानी रखी गई है। हालांकि, मौके पर मौजूद कई यात्रियों और स्थानीय लोगों ने जांच प्रक्रिया को लेकर असंतोष जताया।

यह भी पढ़ें- लुधियाना में चोरी के शक में युवक की बेरहमी से पिटाई, खंभे से बांध सिर मुंडवाया; पुलिस ने छुड़ाकर बचाया

पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां

उनका कहना है कि इतनी गंभीर चेतावनी के बावजूद जांच उतनी सख्त और प्रभावी नहीं दिखाई दे रही, जितनी होनी चाहिए थी। यह भी उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी बठिंडा और आसपास के क्षेत्रों में इस तरह की धमकियां सामने आ चुकी हैं।

पूर्व में बठिंडा के डाकघर और श्री मुक्तसर साहिब के उपायुक्त कार्यालय को भी बम से उड़ाने की धमकियां मिली थीं। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने सुरक्षा प्रबंधन और खुफिया तंत्र की तैयारियों पर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं।

यह भी पढ़ें- मोगा में अवैध हथियार के साथ दो काबू, देसी पिस्टल और जिंदा कारतूस जब्त

साइबर टीम जांच में जुटी

फिलहाल पुलिस और खुफिया एजेंसियां पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही हैं। ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए तकनीकी साधनों का सहारा लिया जा रहा है और उसकी लोकेशन का पता लगाने के प्रयास जारी हैं। अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

पुलिस ने आम जनता और यात्रियों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में दें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।

यह भी पढ़ें- अमृतसर में घर पर 12 राउंड फायरिंग से दहशत, चुनावी रंजिश का शक; CCTV में दिखे हमलावर