विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब के बठिंडा में नशा तस्कर के घर रेड करने गई पुलिस टीम पर हमला, एएसआई समेत दो पुलिसकर्मी घायल

Published: Sun, 10 May 2026 01:45 PM (GMT+05:30)

तलवंडी साबो के गांव चट्ठेवाला में एक कथित नशा तस्कर के घर रेड करने गई पुलिस टीम पर हमला हो ...और पढ़ें

नशा तस्कर के घर रेड करने गई पुलिस टीम पर हमला, एएसआई समेत दो पुलिसकर्मी घायल।

नशा तस्कर के घर रेड करने गई पुलिस टीम पर हमला, एएसआई समेत दो पुलिसकर्मी घायल।

HighLights

  1. नशा तस्कर के घर रेड पर पुलिस टीम पर हमला हुआ

  2. एएसआई जगसीर सिंह और सिपाही नीरज कुमार हुए घायल

  3. गंभीर एएसआई बठिंडा रेफर, हमलावरों की तलाश में पुलिस

जागरण संवाददाता, बठिंडा। तलवंडी साबो के गांव चट्ठेवाला में उस समय तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई, जब एक कथित नशा तस्कर के घर रेड करने गई पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। इस हमले में एक एएसआई और एक पुलिस कर्मचारी घायल हो गए।

दोनों घायलों को तुरंत इलाज के लिए सिविल अस्पताल तलवंडी साबो पहुंचाया गया, जहां से एएसआई की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बठिंडा रेफर कर दिया गया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार एएसआई जगसीर सिंह की अगुआई में पुलिस टीम शुक्रवार सुबह करीब साढ़े सात बजे गांव चट्ठेवाला में एक कथित नशा तस्कर जीतू के घर दबिश देने पहुंची थी। बताया जा रहा है कि पुलिस को उक्त व्यक्ति के खिलाफ नशा तस्करी संबंधी सूचना मिली थी, जिसके आधार पर कार्रवाई की जा रही थी।

जैसे ही पुलिस टीम घर के अंदर पहुंची, वहां मौजूद लोगों ने कथित तौर पर पुलिस कर्मियों का विरोध करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि घरवालों ने पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया। इस दौरान एएसआई जगसीर सिंह और सिपाही नीरज कुमार घायल हो गए। हमले में एएसआई के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।

घटना के तुरंत बाद घायल पुलिस कर्मियों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल तलवंडी साबो ले जाया गया। डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद एएसआई जगसीर सिंह की हालत को गंभीर देखते हुए उसे आगे की जांच और इलाज के लिए बठिंडा रेफर कर दिया। वहीं सिपाही नीरज कुमार का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मामले की जानकारी लेने में जुट गए।

पुलिस ने कथित हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इलाके में नशा तस्करी को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें सामने आ चुकी हैं। पुलिस की ओर से लगातार नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में यह रेड की गई थी, लेकिन कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम पर हमला हो गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने और पुलिस कर्मचारियों पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पूरे मामले की जांच की जा रही है कि घटना में कितने लोग शामिल थे और हमला किस योजना के तहत किया गया। फिलहाल पुलिस इलाके में दबिश देकर आरोपितों की तलाश कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।