कर्फ्यू में दिन-रात काम कर रहे पुलिस अधिकारी सम्मानित
पुलिस अधिकारियों जिला प्रशासन अधिकारियों व विभिन्न थाना प्रभारियों का मालाएं पहनाकर स्वागत किया।
संसू, बठिडा : श्री महादेव अमरनाथ यात्री सेवक संघ की तरफ से कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए दिन रात एक कर काम कर रहे पुलिस अधिकारियों, जिला प्रशासन अधिकारियों व विभिन्न थाना प्रभारियों का मालाएं पहनाकर स्वागत किया। संस्था के प्रधान राजकुमार पोपा व गौरव गोयल की रहनुमाई में उक्त मुहिम डीसी निवास के बाहर उस समय चलाई गई जब जिले में कानून व्यवस्था को सुचारु ढंग से चलाने के लिए डीसी व एसएसपी की अगुवाई में फ्लैग मार्च शुरू किया गया। इस दौरान डीसी बी श्रीनिवासन व एसएसपी डॉ. नानक सिंह ने संस्था के पदाधिकारियों का आभार जताया व संस्थाओं को कहा कि वह लोगों में जागरुकता पैदा करने के लिए काम करे वही जरूरतमंद लोगों को जरूरी खानपान का साजोसामान देने के लिए सहयोग करे। संस्था के उत्तम गोयल ने बताया कि उनकी संस्था प्रतिदिन 1400 लोगों को बना बनाया खाना खिला रही है जिसमें 700 लोगों को दोपहर में व इतने ही लोगों को सांय के समय खाना उनके घरों तक पहुंचाया जा रहा है। संस्था के सदस्य जरूरतमंद लोगों तक अन्य जरुरी सहायता पहुंचाने का काम भी दिन रात कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस के अधिकारी व कर्मचारियों की कड़ी मेहनत का ही नतीजा है कि बठिडा में अभी तक एक भी कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज नहीं मिला है। वही उन्होंने लोगों से भी प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।