समझौता करवाने पहुंचे लोगों पर हमला, एक की मौत
कस्बा फूल में घरेलू कलह का निपटारा करने पहुंचे लड़की पक्ष के सदस्यों पर ससुराल वालों ने हमला कर दिया।
संवाद सहयोगी, रामपुरा फूल : कस्बा फूल में घरेलू कलह का निपटारा करने पहुंचे लड़की पक्ष के सदस्यों पर ससुराल वालों ने हमला कर दिया। इसमें लड़की पक्ष के एक व्यक्ति की मौत हो गई और लड़की सहित तीन लोग घायल हो गए। घायलों को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। पुलिस थाना फूल में लड़की के भाई की शिकायत पर लड़की के पति, ससुर तथा देवर पर मामला दर्ज करके ससुर और देवर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित पति की तलाश की जा रही है।
गांव माड़ी निवासी कुलदीप कौर पुत्री पूर्व सरपंच अजमेर सिंह की शादी करीब दस वर्ष पहले कस्बा फूल निवासी किदर सिंह के साथ हुई थी। शादी के बाद उनके तीन बेटे पैदा हुए। कुलदीप कौर ने बताया कि शादी के बाद से उसका ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान करने लगा। ससुराल वाले अक्सर उसके साथ मारपीट करते थे। कई बार पंचायत बुलाने के बावजूद भी ससुराल पक्ष के रवैये में कोई बदलाव नहीं आया।
शुक्रवार देर सायं ससुराल वालों ने ट्रैक्टर, मोटरसाइकिल और एक लाख रुपये की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट की गई। शनिवार सुबह इसकी सूचना अपने मायके परिवार को दिए जाने के बाद उसके परिवार वाले पंचायत लेकर उसके ससुराल पहुंचे। दोनों पक्षों में बहस हो गई। उसके ससुराल वालों ने अचानक हमला कर दिया। इस दौरान पंचायत में शामिल लक्ष्मण सिंह की मौत हो गई। जबकि पीड़िता कुलदीप कौर, उसका भाई चमकौर सिंह तथा एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए। थाना फूल के थाना प्रभारी मनेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़िता के भाई चमकौर सिंह के बयान पर पीड़िता के पति किदर सिंह, ससुर नेक सिंह और देवर हरजिद्र सिंह पर मामला दर्ज कर नेक सिंह तथा हरजिद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि किदर सिंह की तलाश की जा रही है।