बिना नोटिफिकेशन घटाई रजिस्ट्रियां करने की संख्या
कोरोना वायरस के बढ़ रहे मरीजों ने एक बार फिर तहसीलों में होने वाली रजिस्ट्रियों की गिनती को 45 करवा दिया है।
जागरण संवाददाता, बठिडा : कोरोना वायरस के बढ़ रहे मरीजों ने एक बार फिर तहसीलों में होने वाली रजिस्ट्रियों की गिनती को 45 करवा दिया है। हालांकि इस बारे में सरकार की ओर से कोई नोटिफिकेशन भी जारी नहीं किया गया। जबकि इससे पहले जब रजिस्ट्रियों की गिनती को 45 से बढ़ाकर 75 किया गया था तो उसके लिए बाकायदा नोटिफिकेशन भी आया था। मगर इनकी गिनती को कम करने के लिए ऐसा कुछ नहीं किया गया। बल्कि अप्वाइंटमेंट लेने के लिए 45 स्लॉट बुक होने के बाद अप्लाई ही नहीं होता। यहीं नहीं इसमें 5 स्लॉट ब्लड रिलेशन में भी रजिस्ट्रियों को करवाने के लिए रिजर्व रखे गए हैं। मगर इसके लिए अभी अप्वाइंटमेंट नहीं मिल रही, जिसका कारण है कि ब्लड रिलेशन में रजिस्ट्रियां करने के स्लॉट बुक करने की ऑप्शन ही अभी सॉफ्टवेयर में अपडेट नहीं हुई। हालांकि 10 स्लॉट अलग से तत्काल में रजिस्ट्रियां करवाने के हैं। इसके चलते कुल 55 रजिस्ट्रियां तहसील में होंगी।
तहसीलों में रजिस्ट्रियां करवाने के स्लॉट कम करने की वजह दफ्तरों में भीड़ अधिक होने से शारीरिक दूरी के नियम का पालन न होना था। कोरोना महामारी से बचाव को लेकर 33 फीसद रजिस्ट्रियां हो रही थीं। इससे स्लॉट 15 से 20 दिनों तक फुल रहते थे व लोगों को रजिस्ट्री कराने के लिए अप्वाइंटमेंट कराने को लेकर इंतजार करना पड़ता था। सरकार ने लोगों की परेशानी व मांग को देखते हुए 8 जुलाई को 75 अप्वाइंटमेंट की व्यवस्था करते हुए नोटिफिकेशन जारी कर दिया था। इनमें 5-5 ब्लड रिलेशन की रजिस्ट्रियों की सुविधा भी दी गई थी, लेकिन अब बिना किसी आदेश जारी हुए ही सिस्टम में पहले की तरह सॉफ्टवेयर में 45 अप्वाइंटमेंट लेने का सिस्टम अपग्रेड कर दिया गया है। इससे अफसरों और लोगों की चिता फिर बढ़ गई हैं। दूसरी तरफ एक सप्ताह बाद ही पुराना फरमान लागू हो गया लेकिन कोई नोटिफिकेशन या आदेश नहीं आया। वहीं लोगों का कहना है कि सरकार ने राहत के बाद फिर आफत दे दी है। इसके साथ अब लोगों की परेशानी बढ़ जाएगी।
बॅयोमीट्रिक सिस्टम रहेगा बंद
सरकार की ओर से जारी किए नोटिफिकेशन के अनुसार ऑनलाइन दस्तावेजों के रजिस्ट्रेशन के काम में बॉयोमीट्रिक सिस्टम अभी भी कोरोना वायरस के कारण बंद रहेंगे तो वसीयत के दस्तावेजों को पहले की तरह ही सिस्टम के द्वारा ऑनलाइन तस्दीक किया जाएगा। इसके अलावा अन्य दस्तावेजों को ऑनलाइन रजिस्टर्ड करने के लिए बेचने वाले व्यक्ति व तस्दीक करवाने वाले की फोटो रियल टाइम व ऑनलाइन पहले की तरह ही ली जाएगी। जबकि उसके साथ संबंधित खरीददार, दूसरा पक्ष व गवाहों की ताजा पासपोर्ट साइज की सेल्फ अटेस्टडेट फोटो दस्तावेजों पर लगाई जाएंगी। इसको लेकर तहसीलदार सुखबीर सिंह बराड़ का कहना है कि नोटिफिकेशन के अनुसार फिलहाल ब्लड रिलेशन की रजिस्ट्रियों को शुरू करने के साथ साथ काम शाम के 7 बजे तक 75 रजिस्ट्रियों का होगा। वहीं इंतकाल फीस बढ़ने का नोटिफिकेशन जारी होने के बाद उसको लागू कर दिया जाएगा। आदेशों का पालन करा रहे: तहसीलदार सरकार से जो भी आदेश आए हैं, उनका पालन करवाया जा रहा है। लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं, जिन्होंने अप्वाइंटमेंट ली हैं, उनकी रजिस्ट्रियां होंगी। शारीरिक दूरी को बनाए रखने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
सुखबीर सिंह बराड़, तहसीलदार, बठिडा