प्रेमी के साथ रहने के लिए मां बनी जल्लाद, अपनी ही मासूम बेटी की गला घोंटकर हत्या
प्रेमी के साथ रहने व पति को फंसाने के लिए मां ने अपनी तीन वर्षीय मासूम बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी।
जेएनएन, बठिंडा। पुलिस ने शुक्रवार को हुई तीन वर्षीय बच्ची की मौत की गुत्थी सुलझा ली है। बच्ची की हत्या उसकी मां ने ही की थी। महिला ने प्रेमी संग रहने के लिए और पति को झूठे केस में फंसाने के चक्कर में बच्ची को मौत के घाट उतार दिया। हत्या करने के बाद एक झूठी कहानी बनाकर अपने पति को फंसाने की कोशिश भी की, लेकिन वारदात को अंजाम देते समय मासूम बच्ची द्वारा अपने बचाव के लिए किए गए प्रयास के दौरान उसके हाथ के नाखून आरोपित के चहेरे पर लग गए।
इसके बाद पुलिस की शक की सूई आरोपित मां पर घूमने लगी। उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि करीब एक साल पहले उसका अपने दूसरे पति के साथ झगड़ा हो गया था, जिसके बाद से वह अपने चारों बच्चों के साथ अलग रहने लगी थी। इस दौरान मुक्तसर निवासी एक व्यक्ति के साथ प्रेम संबंध बन गए और अब वह उसके साथ रहना चाहती थी, इसलिए उसने इस वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद थाना सिविल लाइन पुलिस ने मृतक बच्ची के पिता के बयान पर आरोपित मां पर हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को दर्ज करवाए बयान में उत्तर प्रदेश के जिला ऐटा के गांव महाराम का नगला हाल निवासी कमला नर्सरी डबवाली रोड के रहने वाले देवसत्या ने बताया कि वह नर्सरी का काम करता है। वह तीन भाई हैं। करीब 16 साल पहले उसके भाई भजनलाल की शादी उत्तर प्रदेश के जिला ऐटा, वछेपुरा व हाल निवासी राहुल नर्सरी सामने योगा नगर मानसा रोड की राजकुमारी के साथ हुई थी। उसके भाई भजनलाल व राज कुमारी का एक बेटा है। करीब 12 साल पहले उसके भाई भजनलाल की अचानक मौत हो गई थी। उसके भाई की मौत के दो माह बाद ही उसके स्वजनों ने राज कुमारी की उसके साथ शादी कर दी थी। इसके बाद उसके व राज कुमारी ने पहले एक बेटी नेहा (8) को जन्म दिया, उसके बाद छह वर्षीय बेटे राहुल और सबसे छोटी बेटी प्रिया (3) को जन्म दिया।
करीब एक साल पहले उसका राज कुमारी के साथ झगड़ा हो गया और वह उससे अलग होकर रहने लगी। वहीं चारों बच्चे भी आरोपित राज कुमारी के पास रहते थे। आरोपित महिला के श्री मुक्तसर साहिब के रहने वाले व्यक्ति के साथ प्रेम संबंध बन गए। वह उसके साथ मानसा रोड स्थित राहुल नर्सरी में रहने लगी। वह अपने बच्चों से मिलने के लिए माह में दो से तीन बार जाता था। बीती शुक्रवार को जब वह अपने बच्चों से मिलने के लिए नर्सरी पहुंचा तो देखा कि कमरे में राज कुमारी प्रिया का तौलिये से गला घोंट रही थी। जब उसने शोर मचाया तो राज कुमारी भगाकर कमरे से बाहर आ गई। इसके बाद जब उसने कमरे में जाकर प्रिया को देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी।
थाना सिविल लाइन के प्रभारी इंस्पेक्टर रविंदर सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया गया। बच्ची के शव को देखा तो पता चला कि बच्ची की एक अंगुली का नाखून टूटा हुआ था। शायद बच्ची को जब मारा जा रहा था, उसने अपने बचाव के लिए प्रयास किए और उसका नाखून टूट गया। इसके बाद उन्होंने बच्ची की मां और पिता दोनों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की। इस दौरान महिला के चेहरे व शरीर पर बच्ची के खरोंचने के निशान थे। जब महिला से उसके बारे में पूछा गया तो वह कहानी बनाने लगी। इसके बाद पुलिस को शक होने पर उसे सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद उसे पर हत्या का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें