निगम ने कोरोना वायरस से मुकाबले के लिए शहर को दस सेक्टर में बांटा
कोविड-19 के मुकाबले के लिए पुख्ता प्रबंध किए जा रहे हैं।
जासं, बठिडा : नगर निगम के कमिश्नर बिक्रमजीत सिंह शेरगिल ने बताया नगर निगम की तरफ से कोविड-19 के मुकाबले के लिए पुख्ता प्रबंध किए जा रहे हैं। लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए पूरे शहर को 10 सेक्टर में बांटकर प्रत्येक सेक्टर का एक जिम्मेदार अधिकारी लगाया गया है। शहर को रोगाणु मुक्त करने के लिए अब तक 200000 लीटर घोल का छिड़काव किया जा चुका है। शहर में ट्रैक्टर से चलने वाले 2 पंपों के अलावा अन्य पंपों से भी स्प्रे की जा रही है। यह छिड़काव 18 मार्च से जारी है। निगम कमिश्नर ने यह भी बताया कि निगम की तरफ से मेडिकल माहिरों की राय के अनुसार 50 साल से बड़ी उम्र के सफाई सेवकों को जोखिम वाली ड्यूटी से छूट दी गई है। जबकि निगम की तरफ से लगातार शहर में सफाई करवाई जा रही है। घरों से कूड़ा उठाया जा रहा है। रात के समय होने वाली सफाई भी जारी है। कर्मचारियों को रोगों के खतरे से बचाए रखने के लिए 88000 कपड़े के मास्क तैयार करके दिए गए हैं। 3000 मेडिकल मास्क बांटे गए हैं। 18000 दस्ताने दिए गए हैं । 300 लीटर सैनिटाइजर दिया गया है। शहर का कोई भी नागरिक इस मुश्किल दौर में भूखा ना सोए, इसके लिए समाजसेवी संगठनों के सहयोग के साथ सुबह-शाम साढ़े नौ हजार लोगों को पका पकाया खाना दिया जा रहा है। कमिश्नर ने कहा कि राज्य के वित्तमंत्री मनप्रीत बादल के निर्देश अनुसार जरूरतमंद व्यक्तियों तक सूखा राशन पहुंचाने के लिए भी पैकेट तैयार करके बांटे जा रहे हैं। अब तक 3000 पैकेट बांटे जा चुके हैं तथा 2000 पैकेट और तैयार हो रहे हैं। शहर में लोगों को घरों में राशन की सप्लाई देने के लिए 20 स्टोर संचालकों को और लगाया गया है। शहर का अगर कोई और भी बड़ा स्टोर संचालक यह सेवा करना चाहता है तो वह निगम के साथ संपर्क कर सकता है। लेकिन किसी को दुकान खोलने की इजाजत नहीं मिलेगी।