विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बठिंडा में महिला शिक्षक के साथ मैथ वाले सर ने की छेड़छाड़, लैब में बुलाकर करने लगे अश्लील हरकतें; केस दर्ज

Published: Sun, 19 Apr 2026 03:27 PM (GMT+05:30)

बठिंडा के मौड़ स्थित एक सरकारी स्कूल में महिला साइंस टीचर से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पीड़िता ने ...और पढ़ें

बठिंडा में महिला शिक्षक से छेड़छाड़, लैब में गणित शिक्षक ने की अश्लील हरकतें। एआई जेनरेटेड तस्वीर। (सोर्स- जेमिनी)

बठिंडा में महिला शिक्षक से छेड़छाड़, लैब में गणित शिक्षक ने की अश्लील हरकतें। एआई जेनरेटेड तस्वीर। (सोर्स- जेमिनी)

HighLights

  1. बठिंडा के स्कूल में महिला साइंस टीचर से छेड़छाड़

  2. गणित शिक्षक प्रवीन कुमार पर लैब में दुर्व्यवहार का आरोप

  3. पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की

जागरण संवाददाता, बठिंडा। पंजाब के बठिंडा जिले के मौड़ क्षेत्र के एक सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कार्यरत महिला साइंस टीचर के साथ छेड़छाड़ और दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित गणित शिक्षक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह जुलाई 2018 से शिक्षक के रूप में कार्यरत है और जून 2023 से गांव मौड़ खुर्द स्थित स्कूल में तैनात है। स्कूल में साइंस लैब का कार्य चल रहा था, जहां अलमारियों के दरवाजों में समस्या आने पर एक कमेटी बनाई गई थी, जिसमें वह और आरोपित शिक्षक प्रवीन कुमार निवासी मौड़ मंडी भी शामिल है।

पीड़िता के अनुसार जब उसने वरिष्ठ होने के नाते आरोपित को अलमारियों की खराबी के बारे में बताया, तो उसने लैब में आकर दिखाने को कहा। लैब में पहुंचने पर आरोपित ने पहले उसे लेकर गलत टिप्पणी की और फिर उसके करीब आने लगा। विरोध करने पर आरोपित ने जबरन उसका हाथ पकड़कर उसके साथ छेड़छाड़ और दुर्व्यवहार किया।

महिला ने बताया कि आरोपित ने उसे धमकाया कि अगर उसने किसी को इस घटना के बारे में बताया, तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। किसी तरह वह वहां से निकलकर बाहर आई और बाद में महिला स्टाफ तथा अपने परिवार को घटना की जानकारी दी।

घटना की सूचना मिलने पर पीड़िता का पति और ससुर स्कूल पहुंचे, जिसके बाद पीड़िता परिवार सहित थाना मौड़ पहुंची और शिकायत दर्ज करवाई। थाना मौड़ पुलिस ने आरोपित प्रवीन कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपित की तलाश में पुलिस टीम छापामारी कर रही है।