विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बठिंडा में पूर्व जेल सुपरिंटेंडेंट से परेशान पूर्व फौजी ने दी जान, वीडियो में लगाए गंभीर आरोप; सुसाइड नोट भी बरामद

Published: Thu, 20 Aug 2026 06:44 AM (IST)

बठिंडा की झील में पूर्व फौजी बलवीर सिंह ने आत्महत्या कर ली, जिन्होंने एक वीडियो और सुसाइड नोट में पूर्व ...और पढ़ें

पूर्व जेल सुपरिंटेंडेंट से परेशान EX फौजी ने दी जान। फोटो जागरण

पूर्व जेल सुपरिंटेंडेंट से परेशान EX फौजी ने दी जान। फोटो जागरण

HighLights

  1. बठिंडा झील में पूर्व फौजी ने कूदकर की आत्महत्या।

  2. सुसाइड नोट, वीडियो में पूर्व जेल सुपरिंटेंडेंट पर आरोप।

  3. पुलिस कर रही मामले की जांच, कार्रवाई का आश्वासन।

जागरण संवाददाता, बठिंडा। बठिंडा की झील नंबर-2 में 63 वर्षीय पूर्व फौजी ने छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान रामपुरा फूल निवासी बलवीर सिंह पुत्र काका सिंह के रूप में हुई है। मौत से पहले बनाए गए एक वीडियो और कथित सुसाइड नोट में बलवीर सिंह ने पूर्व जेल सुपरिंटेंडेंट के अलावा उसके रिश्तेदारों पर उसे मानसिक रूप से परेशान करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप लगाए हैं।

बताया जा रहा है कि बलवीर सिंह पूर्व सैनिक था और गोबिंदपुरा केंद्रीय जेल में ठेके पर काम भी करता था। बुधवार दोपहर वह थर्मल की झील के पास पहुंचा और अपनी जान दे दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और समाजसेवी संस्थाओं की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और एनडीआरएफ की मदद से उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक ने मौत से पहले बनाए वीडियो में आरोप लगाया कि पूर्व जेल सुपरिंटेंडेंट उसे लंबे समय से परेशान कर रहा था और उसके बच्चों को भी उसके खिलाफ कर दिया। वीडियो में उसने कहा कि बाद में उसने अपने बच्चों को बेदखल कर दिया। जबकि उसने अपनी पुत्रवधू पर भी परेशान करने के आरोप लगाए। वीडियो में बलवीर सिंह ने पुलिस से न्याय नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए कहा कि आरोपित प्रभावशाली है।

कुलविंदर कौर को परेशान करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

उसने प्रशासन और समाज के लोगों से भी मदद की अपील की। साथ ही उसने कहा कि उसकी मौत के बाद उसकी देह कुलविंदर कौर को सौंपी जाए, क्योंकि उसे भरोसा है कि वह उसके लिए न्याय की लड़ाई लड़ेगी। उसने अपने बच्चों को शव से दूर रखने की बात भी कही और कुलविंदर कौर को परेशान करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

कुलविंदर कौर ने बताया कि बलवीर सिंह उसका भाजी था और वह लंबे समय से उसके साथ रहती थी। उसने कहा कि बलवीर सिंह उसके लिए न्याय की लड़ाई लड़ रहा था, लेकिन आखिरकार उसने अपनी जान दे दी। वहीं डीएसपी अरुण मुंडन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक के पास से मिले सुसाइड नोट और परिवार के सदस्यों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जबकि विडियो में मृतक ने जिन लोगों के नाम लिए हैं, उन पर बनती कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सिविल अस्पताल के चिकित्सक ने बताया कि पुलिस को शव सौंपने की प्रक्रिया के तहत सूचना भेज दी गई है और पुलिस अपने स्तर पर कार्रवाई करेगी। पुलिस अब वीडियो, कथित सुसाइड नोट और परिजनों के बयानों की जांच कर रही है। वहीं, जिन लोगों पर मृतक ने आरोप लगाए हैं, उनका पक्ष पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मामले में आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगी।