भाजपा की प्रदेश सदस्यता मुहिम के प्रमुख बने दयाल सोढ़ी
जिला प्रधान एवं अब प्रदेश महासचिव दयाल दास सोढ़ी को प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जासं, बठिडा : भारतीय जनता पार्टी की ओर से छह जुलाई से देश भर में शुरू की जा रही पार्टी सदस्यता मुहिम के लिए पंजाब में बठिडा निवासी पूर्व जिला प्रधान एवं अब प्रदेश महासचिव दयाल दास सोढ़ी को प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जबकि सोढ़ी के साथ सदस्यता सह प्रमुख जीवन गुप्ता को नियुक्त किया गया है। यह नियुक्तियां भाजपा के राष्ट्रीय सदस्यता प्रमुख शिवराज सिंह चौहान की ओर से की गई हैं। गौरतलब है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं गृहमंत्री अमित शाह ने बीती 13 जून को संगठन पर्व के शुभारंभ के मौके पर राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक करके सदस्यता मुहिम शुरु करने की घोषणा की थी। छह जुलाई को शुरू की जाने वाली इस मुहिम को लेकर राष्ट्रीय सदस्यता प्रमुख शिवराज चौहान की ओर से सोमवार को देश के सभी प्रमुखों व सह प्रमुखों की नई दिल्ली में बैठक भी बुलाई गई है। दयाल सोढ़ी ने अपनी नियुक्ति का स्वागत करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और राष्ट्रीय सदस्यता प्रमुख शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में इस समय 23 लाख लोग भाजपा के सदस्य हैं। नई सदस्यता मुहिम के तहत इस संख्या में 40 फीसद की वृद्धि की जाएगी। इसके बाद प्रदेश भर में सदस्यता प्रमुख का नया ढांचा खड़ा किया जाएगा। जिसमें जिला और मंडल स्तर पर सदस्यता प्रमुख नियुक्त किए जाएंगे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप