नगर निगम के खिलाफ नेशनल कालोनी के लोगों का प्रदर्शन
परेशान लोगों ने रविवार को नगर निगम के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया।
जासं, बठिडा : गोनियाना रोड स्थित नेशनल कालोनी की गली नंबर 11 में भरे पड़े सीवरेज के पानी से परेशान लोगों ने रविवार को नगर निगम के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। उन्होंने कोई सुनवाई न होने पर सीवरेज बोर्ड को भी आड़ेहाथ लिया। इस दौरान उन्होंने निगम व सीवरेज बोर्ड के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। गली के निवासी बरसू राम सहित अन्य लोगों ने बताया कि गली का सीवरेज पिछले तीन महीनों से जाम चल रहा है। इसकी शिकायत नगर निगम दफ्तर से लेकर सीवरेज बोर्ड के दफ्तर में कई बार लिखवाई जा चुकी है। लेकिन अभी तक सीवरेज के मेनहोलों की सफाई करके इसका समाधान नहीं किया गया है। वे निगम और सीवरेज बोर्ड के दफ्तरों के चक्कर काटकर थक चुके हैं। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने बताया कि सीवरेज के मेनहोलों से पानी ओवरफ्लो होकर साथ के साथ खाली प्लांटों में भर रहा है। जिससे गली के घरों में मक्खी, मच्छरों की भरमार हो चुकी है। गंदे पानी से होने वाली विभिन्न बीमारियों के फैलने का खतरा बन चुका है। उन्होंने कहा कि इस गली में चूंकि ज्यादातर उत्तर प्रदेश और बिहार के लोग रहते हैं, इसलिए उनकी कोई सुनवाई नहीं की जा रही है। जबकि गंदे पानी से उठ रही बदबू से लोगों का खाना पीना दूभर हो गया है। गली के लोगों ने कहा कि अगर इस समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे कड़ा संघर्ष करने के लिए मजबूर होंगे।