ंकिसानों और बिजली मुलाजिमों का थर्मल प्लांट के गेट पर प्रदर्शन
किसान यूनियनों के विभिन्न संगठनों की तरफ से संयुक्त तौर पर थर्मल प्लांट के आगे धरना दिया गया।
जागरण संवाददाता, बठिडा : शहर बंद पड़े गुरु नानक देव थर्मल प्लांट को आज बुधवार से तोड़ने के काम की शुरूआत होने की हो रही चर्चा के मद्देनजर मंगलवार को पीएसइबी इंप्लाइज ज्वाइंट फोरम, आल इंडिया पीपल्स फोरम व भारतीय किसान यूनियनों के विभिन्न संगठनों की तरफ से संयुक्त तौर पर थर्मल प्लांट के आगे धरना दिया गया। इस दौरान राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। इन सभी संगठनों की तरफ से बुधवार की सुबह फिर से धरना दिया जाएगा। किसानों के 30 संगठन बीती एक अक्टूबर से मुलतानिया पुल के नजदीक रेलवे लाइनों पर धरने पर बैठे हैं। मंगलवार को उन्होंने थर्मल प्लांट तक रोष मार्च किया। इस दौरान उन्होंने थर्मल प्लांट को तोड़ने का कड़ा विरोध करते हुए इसे फिर से चालू करने की मांग की। बलकरन सिंह बराड़, बूटा सिंह बुर्ज गिल, अमरजीत सिंह हनी, रणजीत सिंह जीदा, सुखदर्शन सिंह खेमूआना, नायब सिंह आदि विभिन्न किसान संगठनों के नेताओं ने कहा कि मोदी सरकार की ओर से लाए गए नए कानूनों से समाज पर बुरा प्रभाव पड़ना शुरू हो गया है। जिसकी बदौलत ही उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों से बड़ी मात्रा में धान पंजाब आने लगा है। यूपी व अन्य राज्यों से सस्ते रेट पर धान खरीदकर यहां लाया जा रहा है। प्राइवेट व्यापारियों द्वारा बड़े स्तर पर किसानों की लूट की जा रही है। राज्य सरकार को बाहर से आ रहे इस धान को रोकने के लिए कड़े कदम उठाने चाहिएं। नेताओं ने थर्मल प्लांट को चालू करने की मांग करते हुए कहा कि इसे किसी भी हालत में टूटने नहीं दिया जाएगा। इस मौके पर बलदेव सिंह भाईरूपा, प्रकाश सिंह नंदगढ़, सुखदीप सिंह बाठ, जग्गा सिंह चहल, हरविदर सिंह कोटली, जसविदर सिंह बलाहड़ महमा, बलविदर सिंह गंगा के अलावा पीपल्स फोरम और पीएसइबी ज्वाइंट फोरम के नेताओं ने भी संबोधित किया।