बठिंडा में नेशनल हाईवे-07 पर पसरा अंधेरा, भुच्चो कैंचियां से अदेश यूनिवर्सिटी तक बंद पड़ी हैं स्ट्रीट लाइटें
नेशनल हाईवे-07 पर भुच्चो कैंचियां से अदेश यूनिवर्सिटी तक स्ट्रीट लाइटें बंद होने से रात में अंधेरा रहता है।

भुच्चो कैंचियां से अदेश यूनिवर्सिटी तक रात में छाया रहता है अंधेरा (फोटो: जागरण)
संवाद सूत्र, भुच्चो मंडी। नेशनल हाईवे-07 पर भुच्चो कैंचियां से अदेश यूनिवर्सिटी के नजदीक तक लगी स्ट्रीट लाइटें बंद होने के कारण रात के समय पूरा मार्ग अंधेरे में डूब जाता है। व्यस्त हाईवे पर रोशनी की व्यवस्था ठप होने से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं, सावन की शिवरात्रि के चलते इन दिनों बड़ी संख्या में शिवभक्त और कांवड़िये इस मार्ग से गुजर रहे हैं। ऐसे में अंधेरे के कारण सड़क हादसे की आशंका भी बढ़ गई है। राहगीरों का कहना है कि हाईवे जैसे व्यस्त मार्ग पर रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। अंधेरे के कारण सामने से आने वाले वाहन, सड़क पार करते पैदल राहगीर समय पर दिखाई नहीं देते। इससे किसी भी समय गंभीर हादसा हो सकता है।
अंधेरे की आड़ में वारदात का भी डर
क्षेत्रवासियों ने बताया कि हाईवे के इस हिस्से में पर्याप्त रोशनी नहीं होने का फायदा शरारती तत्व उठा सकते हैं। रात के समय अंधेरे और सुनसान स्थानों पर किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है। खासकर देर रात आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
राहगीरों और क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि भुच्चो कैंचियां से अदेश यूनिवर्सिटी तक बंद पड़ी सभी स्ट्रीट लाइटों की जल्द मरम्मत करवाकर उन्हें चालू किया जाए। लोगों ने कहा कि किसी हादसे के बाद कार्रवाई करने के बजाय विभाग को समय रहते व्यवस्था दुरुस्त करनी चाहिए, ताकि वाहन चालकों, राहगीरों और कांवड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
