पहले ही दिन टूटे नियम, बिना मास्क नजर आए लोग
कोरोना वायरस के केस फिर से बढ़ने लगे हैं।
जागरण संवाददाता, बठिडा: कोरोना वायरस के केस फिर से बढ़ने लगे हैं। नई स्ट्रेन को पहले से भी ज्यादा खतरनाक बताया जा रहा है, जिसके चलते पंजाब सरकार ने एक मार्च से नई गाइडलाइंस जारी कीं। इसके मुताबिक मास्क पहनना फिर से अनिवार्य कर दिया गया है। उल्लंघन करने पर दो हजार रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान रखा गया है, लेकिन पहले ही दिन इस नियम की शहर में जमकर धज्जियां उड़ाई गई। लोग सड़कों पर बिना मास्क पहने दिखाई दिए। पुलिस पर ऐसे लोगों पर कोई सख्ती दिखाती नजर नहीं आई। हालांकि पुलिस का कहना है कि पहले दिन सभी को जागरूक किया गया है। आने वाले दिनों में सख्ती बरती जाएगी। हालांकि लोगों को समझना होगा कि भले ही कोरोना की वैक्सीन आ गई है, लेकिन रोजाना बढ़ते मामलों के चलते उन्हें सावधानी बरतनी चाहिए। बसों में भी बिना मास्क सफर कर रहे यात्री
बठिडा के बस स्टैंड पर भी लोगों की भीड़ बिना मास्क पहने दिखाई दी। बसों के अंदर भी लोग बिना मास्क पहने ही सफर कर रहे हैं। इसके अलावा सरकारी दफ्तरों में लोग बिना मास्क पहने घूम रहे हैं। शारीरिक दूरी के नियम का पालन भी नहीं किया जा रहा। मिनी सचिवालय स्थित सेवा केंद्र में लोग पूरी तरह बेपरवाह नजर आ रहे हैं।
बाजारों में अधिकांश लोग बिना मास्क के शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों व मुख्य बाजार में अधिकांश लोगों ने मास्क नहीं पहना था। लोग शारीरिक दूरी के नियम का पालन करते हुए भी नहीं दिखे। कोरोना नियमों का पालन करवाने के लिए प्रशासन भी सक्रिय नहीं दिखाई दिया। ऐसा करना कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए खतरनाक हो सकता है। कोरोना के बढ़ रहे संक्रमण के बाद भी लोगों में मास्क पहनने को लेकर जागरूकता दिखाई नहीं दे रही है। दूसरी तरफ बठिडा के सिविल अस्पताल में स्टाफ की ओर से ओपीडी में जाने वाले मरीजों को अंदर जाने से पहले मास्क भी बांटे गए। वहीं ट्रैफिक इंचार्ज इकबाल सिंह का कहना है कि अभी पुलिस की ओर से लोगों को जागरूक करने के अलावा मास्क बांटे गए हैं। लेकिन आने वाले समय में इन पर कार्रवाई भी की जाएगी। ----------- साहिल गर्ग