बठिंडा में नशा विरोधी अभियान, कार सवार दो युवक अफीम के साथ गिरफ्तार
बठिंडा-डबवाली मुख्य मार्ग पर पुलिस ने दो युवकों को 500 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी गांव कुटी किशनपुरा के पास हुई।
-1790609038990_m.webp)
बठिंडा में दो युवक अफीम के साथ गिरफ्तार। फोटो जागरण
HighLights
बठिंडा पुलिस ने दो युवकों को 500 ग्राम अफीम सहित गिरफ्तार किया।
यह गिरफ्तारी बठिंडा-डबवाली मुख्य मार्ग पर गांव कुटी किशनपुरा के पास हुई।
आरोपियों के खिलाफ नशा विरोधी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
जागरण संवाददाता, बठिंडा। बठिंडा-डबवाली मुख्य मार्ग पर गांव कुटी किशनपुरा के पास पुलिस चौकी पथराला की टीम ने कार सवार दो युवकों को 500 ग्राम अफीम समेत गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ नशा विरोधी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है।
पुलिस चौकी पथराला के इंचार्ज एएसआइ धर्मवीर सिंह ने बताया कि जिला पुलिस प्रमुख सुहेल कासिम मीर के निर्देशों और डीएसपी बठिंडा देहाती हरविंदर सिंह सरां की अगुआई में नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
इसी के तहत पुलिस टीम क्षेत्र के गांवों में गश्त कर रही थी। उन्होंने बताया कि गश्त के दौरान पुलिस टीम जब गांव जस्सी बागवाली टोल प्लाजा से गांव कुटी किशनपुरा के पास स्लिप रोड पर पहुंची तो सड़क किनारे खड़ी कार नंबर पीबी-78ए-0538 में दो युवक बैठे दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों घबरा गए और कार लेकर भागने का प्रयास करने लगे।
इसी दौरान कार बंद हो गई। पुलिस टीम ने दोनों युवकों को काबू कर कार की तलाशी ली तो उसमें से 500 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान चरणजीत कुमार निवासी नवां शहर और जसप्रीत सिंह निवासी हनुमानगढ़ राजस्थान के रूप में हुई है। थाना संगत पुलिस ने दोनों के खिलाफ नशा विरोधी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर उन्हें हवालात में बंद कर दिया है।
