विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब में BJP नेता के क्लीनिक पर पेट्रोल बम से हमला, पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी ने ली जिम्मेदारी

Published: Tue, 23 Jun 2026 11:38 AM (IST)

बठिंडा में भाजपा नेता डॉ. तरसेम गर्ग के क्लीनिक पर देर रात पेट्रोल बम से हमला किया गया, जिससे स्कूटी समेत कुछ सामान क्षतिग्रस्त हो गया।

HighLights

  1. बठिंडा में भाजपा नेता डॉ. तरसेम गर्ग के क्लीनिक पर हमला

  2. पेट्रोल बम से हुए हमले में स्कूटी समेत सामान क्षतिग्रस्त

  3. गैंगस्टर शहजाद भट्टी ने फोन कर हमले की जिम्मेदारी ली

जागरण संवाददाता, बठिंडा। शहर के प्रसिद्ध होम्योपैथिक डॉक्टर, सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन और भाजपा नेता डॉ. तरसेम गर्ग के क्लीनिक पर सोमवार देर रात पेट्रोल बम से हमला किए जाने का मामला सामने आया है।

हमले में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन परिसर में खड़ी स्कूटी समेत कुछ सामान क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के करीब दो घंटे बाद डॉ. गर्ग की पत्नी को एक धमकी भरा फोन आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को गैंगस्टर शहजाद भट्टी बताते हुए घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा किया।

WhatsApp Image 2026-06-23 at 11.15.32

जानकारी के अनुसार, रात करीब 9.40 बजे दो अज्ञात युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर मेला राम रोड स्थित क्लीनिक के बाहर पहुंचे और पेट्रोल बम फेंककर फरार हो गए।

घटना के बाद मौके से एक और संदिग्ध पेट्रोल बम जैसी बोतल भी बरामद हुई है। डा. तरसेम गर्ग ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित किया गया।

इसके बाद डीआईजी हरजीत सिंह, एसएसपी डा. ज्योति यादव, समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने फोरेंसिक टीम, डाग स्क्वायड और तकनीकी टीमों को जांच में लगाया है।

WhatsApp Image 2026-06-23 at 11.15.32

आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमलावर वारदात का वीडियो भी बना रहे थे, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

धमकी भरे फोन से जांच का दायरा बढ़ा

डॉ. गर्ग ने बताया कि आधी रात के आसपास उनकी पत्नी के मोबाइल पर एक काल आई, जिसमें काल करने वाले ने खुद को शहजाद भट्टी बताया और धमकियां दीं। साथ ही घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा किया। इसकी जानकारी तत्काल पुलिस को दे दी गई है।

WhatsApp Image 2026-06-23 at 11.15.30

राजनीतिक एंगल पर भी चर्चा, पुलिस ने नहीं की पुष्टि

डा. तरसेम गर्ग लंबे समय तक आम आदमी पार्टी से जुड़े रहे हैं। नगर निगम चुनाव के दौरान टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति से दूरी बना ली थी, जबकि उनकी पत्नी ने भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था। इस वजह से घटना को लेकर राजनीतिक चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी एंगल की पुष्टि नहीं की है