कोरोना से बचाव के लिए सतर्कता बरतें : डॉ. गुरजीवन सिंह
सिविल अस्पताल के ईएमओ डॉ. गुरजीवन सिंह बताते हैं कि महानगर में इस समय कोरोना पीक पर है।
जासं, बठिडा : सिविल अस्पताल के ईएमओ डॉ. गुरजीवन सिंह बताते हैं कि महानगर में इस समय कोरोना पीक पर है। ऐसे में संक्रमण से बचने के लिए सजग रहना बहुत जरूरी है। कोरोना से निपटने के लिए साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। हाथों को लगातार धोते रहना चाहिए। खांसने व छींकने के दौरान अपने मुंह पर हाथ या रूमाल रखना चाहिए। सार्वजनिक स्थानों पर जाने से बचें। अगर घर से बाहर जा रहे हैं, तो मास्क पहनकर निकलें। मास्क को बार-बार छूने से बचें। स्वास्थ्य में बदलाव महसूस हो तो तुरंत अपने चिकित्सक से संपर्क करें। अगर घर पर किसी को बुखार, खांसी, जुकाम, गले में दर्द, स्वाद महसूस न होने जैसी शिकायत हो तो तुरंत सरकारी अस्पताल में जाकर जांच करवानी चाहिए।
बीमारी से छुटकारा पाने के
लिए योग जरूरी : रोहित
आर्ट ऑफ लिविग के योग टीचर रोहित अग्रवाल का कहना है कि किसी भी बीमारी से निजात पाने के लिए सबसे सरल उपाय है योग। इसके जरिए लोग सेहतमंद रह सकते हैं। योग का एक मूलभूत आसन है ताड़ासन, क्योंकि यह आसन अनेक आसनों का आधार है। इससे आपके शरीर की लंबाई बढ़ती है और शरीर में रक्त संचार सही तरीके से होता है। स्वास्थ्य के नजरिए से यह आसन बहुत ही लाभकारी है। ताड़ासन काफी आसान है और ये शारीरिक और मानसिक संतुलन विकसित करता है। यह शरीर के पोस्चर में सुधार लाता है एवं जांघों, घुटनों और टखनों को मजबूत करता है। रीढ़ की हड्डी में खिंचाव लाकर उसके विकारों को मिटाता है। ताड़ासन करने से पेट एवं श्वास की समस्याओं से छुटकारा मिलता है। इस योगाभ्यास को सही तरीके से किया जाए तो सेहत के लिहाज से यह बहुत ही फायदेमंद योगाभ्यास साबित हो सकता है। इस आसन के अभ्यास से खून का बहाव सिर के क्षेत्र में ज्यादा होने लगता है और साथ ही बालों को सही मात्र में खनिज तत्व मिलने लगता है। इसके रोजाना अभ्यास से आपके चेहरे में निखार आने लगता है।