वडिंग का विवादित बयान, कहा- हमारी सरकार है, नामांकन पत्र इधर से उधर करवा सकती है
अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग का विवादित बयान वाला नया विडियो सामने आया है। पंचायत चुनाव में प्रचार के दौरान वड़िंग ने कहा है कि हमारी सरकार है, कुछ भी किया जा सकता है।
जेेएनएन, बठिंडा। गिद्दड़बाहा के विधायक व एनएसयूआइ के पूर्व अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग का विवादित बयान वाला नया विडियो सामने आया है। पंचायत चुनाव में प्रचार के दौरान वड़िंग ने कहा है कि हमारी सरकार है, कुछ भी किया जा सकता है। नामांकन पत्रों को इधर-उधर किया जा सकता है। सरकार के पास बड़े तरीके हैं। हालांकि वीडियो बनाए जाने की बात पता चलने पर उन्होंने सफाई दी कि यह उनकी निजी मीटिंग है।
दरअसल, राजा वडिंग सरपंच चुनाव के संबंध में यहां एक गांव में लोगों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार के पास बड़े तरीके होते हैं, उनके कागज को इधर से उधर करवाना, लेकिन दोनों ही उम्मीदवार मेरे अपने हैं। मेरी और मनप्रीत सिंह बादल में यह बात हुई है कि आप दोनों उम्मीदवारों का चुनाव न लगाया जाए, इससे दोनों का नुकसान होगा। अब हमारी सरकार है। सरकार कुछ भी फैसला करवा सकती है। फैसला उल्टा भी करवा सकती है। इस दौरान जब राजा को वीडियो रिकॉर्डिंग की बात पता चली तो उन्होंने कहा कि पत्रकार साहब यह उनकी निजी मीटिंग है इसको रिकॉर्ड न करें।
पहले भी दे चुके हैं विवाद बयान
गत नवंबर में राजस्थान में चुनाव प्रचार के दौरान अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने एक गांव में कहा था कि कांग्रेस प्रत्याशी को जिताने पर राजस्थान से पंजाब आने वाले हर आदमी को दिन में चाय और गुलाब जामुन और रात में खांसी की दवा फ्री मिलेगी। वह पीलीबंगा से कांग्रेस के प्रत्याशी विनोद गोठवाल के समर्थन में गांव में जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे। इस विवादित बयान वाला उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।