अभिनंदन व अरविद बने जैन समाज के नए संत
अनाज मंडी में रविवार को जैन दीक्षा समारोह का आयोजन प्रधान महेश जैन की अगुआई में किया गया।
संस, बठिडा : अनाज मंडी में रविवार को जैन दीक्षा समारोह का आयोजन प्रधान महेश जैन की अगुआई में किया गया। इस दौरान वैरागी पुनीत जैन व अरुज जैन को दीक्षा दी गई। इस मौके पर काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। वहीं मुख्य मेहमान के तौर पर कांग्रेस नेता जयजीत सिंह जौहल पहुंचे। कार्यक्रम की शुरुआत शोभायात्रा से की गई। पहले सुबह आठ बजे शोभायात्रा हाथी व बैंड के साथ निकाली गई। कार्यक्रम में पूरे पंडाल को सजाया गया। पंडाल में पहुंचने से पहले सभी श्रद्धालुओं को मास्क का प्रयोग करने की हिदायतें जारी की गई। एंट्री पर ही सभी के हाथ सैनिटाइज करवाए गए। वहीं श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न प्रकार के व्यंजन बनाए गए। कार्यक्रम की शुरुआत में पहले वैरागियों को स्टेज पर बैठाया गया। दोनों श्रद्धालुओं के जीवन पर चर्चा की गई। इसके बाद वैरागी मुंडन करवाकर पंडाल में संतों की वेशभूषा में पहुंचे। उनके पहुंचने पर पूरे पंडाल में श्रद्धालुओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कई प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी करवाए गए। वहीं पहुंचे संतों द्वारा भी प्रवचन दिए। सभी श्रद्धालुओं द्वारा वैरागी परिवारों का समाज की तरफ से अभिनंदन किया गया। जैन परिवारों के दो वैरागियों ने अपनी सांसारिक यात्रा को विराम देकर संन्यास जीवन धारण किया। इस दौरान दोनों वैरागियों की वेश परिवर्तन कर वैरागी गुरुदेव अरुण चंद्र के चरणों में पहुंचे। गुरु ने वैरागी परिवारों व समाज से संत बनाने की आज्ञा ली। इसके बाद उनका एक बाल खींचकर उनको संत बना दिया गया। इसके बाद दोनों संतों का नाम बदलकर अभिनंदन मुनी व अरविद मुनी रखा गया। इस दौरान इंप्रूवमेंट ट्स्ट के चेयरमैन केके अग्रवाल व नगर निगम कमिश्नर बिक्रमजीत सिंह भी शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में जैन सभा के चेयरमैन शिव कुमार जैन, प्रधान महेश जैन, महामंत्री उमेश जैन, उपप्रधान प्रशोत्तम जैन, उपप्रधान महावीर प्रशाद जैन, मेंबर सुभाष जैन व भोजराज जैन के वाइस चेयरमैन प्रमोद जैन ने सभी उपस्थित श्रद्धालुओं का धन्यवाद किया।