पंजाब में साबुन से बनाई PM मोदी की मूर्ति, ढाई महीने रात-दिन एक करके तैयार की अनोखी कलाकृति
रामा मंडी के कलाकार रामपाल बेहनीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर उन्हें अनोखे अंदाज में शुभकामना दी है।
-1789566576636_m.webp)
रामपाल बेहनीवाल ने साबुन से बनाई पीएम मोदी की प्रतिमा, जन्मदिन पर दिया अनोखा उपहार।
HighLights
कलाकार रामपाल बेहनीवाल ने साबुन से बनाई पीएम मोदी की प्रतिमा
साबुन पर नक्काशी में ढाई महीने लगे, यह चुनौतीपूर्ण कार्य था
प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर कला के माध्यम से दी गई शुभकामनाएं
जागरण संवाददाता, रामा मंडी/बठिंडा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर रामा मंडी के कलाकार रामपाल बेहनीवाल ने अपनी कला के माध्यम से उन्हें अनोखे अंदाज में शुभकामना दी है।
उन्होंने साबुन से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिमा तैयार की है। इस प्रतिमा को तैयार करने में कलाकार को करीब ढाई महीने का समय लगा।
रामपाल बेहनीवाल ने बताया कि साबुन पर नक्काशी करना बेहद चुनौतीपूर्ण काम है, क्योंकि हल्का सा अधिक दबाव पड़ने पर साबुन टूट जाता है और बनाई जा रही आकृति खराब हो सकती है।
इसी वजह से प्रतिमा तैयार करते समय उन्हें बेहद सावधानी और धैर्य के साथ काम करना पड़ा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे की बारीकियों को साबुन पर उकेरने के लिए लगातार कई दिनों तक मेहनत की।
बारीकी से उकेरी चेहरे की आकृति
कलाकार ने साबुन को तराशकर प्रधानमंत्री की प्रतिमा का स्वरूप तैयार किया। चेहरे की बनावट, बालों और अन्य बारीकियों को उकेरने में विशेष सावधानी बरती गई। रामपाल बेहनीवाल ने कहा कि वह विभिन्न वस्तुओं पर कलाकृतियां बनाने के लिए जाने जाते हैं और कुछ अलग करने के उद्देश्य से उन्होंने साबुन को माध्यम चुना।
उन्होंने बताया कि प्रतिमा तैयार करने का काम करीब ढाई महीने पहले शुरू किया था। इस दौरान प्रतिदिन कई घंटे इस कलाकृति पर काम किया गया। प्रतिमा पूरी होने के बाद इसे प्रधानमंत्री के जन्मदिन के मौके पर प्रदर्शित किया जाएगा।
कला के माध्यम से दी शुभकामना
रामपाल बेहनीवाल ने कहा कि कलाकार के लिए उसकी कला ही अपनी भावनाओं को व्यक्त करने का माध्यम होती है। इसी सोच के साथ उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर साबुन से उनकी प्रतिमा बनाकर अपनी ओर से शुभकामना दी है। उनकी इस अनोखी कलाकृति को देखने के लिए स्थानीय लोगों में भी उत्सुकता दिखाई दी।
