पशुओं के झुंड से टकराई तेज रफ्तार कार, दंपती की मौत, दो अन्य गंभीर घायल
दंपती बिहार के रहने वाले थे जबकि कार में सवार जमींदार हरमीत सिंह व उसके मजदूर विजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
रामपुरा फूल, जेएनएन। फूल मंडी के नजदीक गांव हरनाम सिंह व घराट के बीच एक कार के आगे अचानक बेसहारा पशुओं का एक झुंड आ गया। बेकाबू हुई कार खेतों में जा गिरी और हादसाग्रस्त हो गई। इस घटना में कार में सवार दंपती की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया। गांव भाईरूपा निवासी जमींदार हरमीत सिंह के खेत में काम करने वाले विजय कुमार की बहन राजत दुलारी व जीजा मोनू कुमार के घर में विवाद चल रहा था।
इस कारण विजय कुमार उन्हें गांव गहरी भागी से लेने के लिए अपने मालिक हरमीत सिंह की कार लेकर गया था। जब वह अपनी बहन व जीजा को लेकर भाईरूपा आ रहा था तो उनकी कार के आगे बेसहारा पशुओं का झुंड आ गया। इससे कार बेकाबू हो गई और वह सड़क किनारे स्थित खेतों में जा गिरी। हादसे में महिला राजत दुलारी की मौके पर मौत हो गई।
इस दौरान एंबुलेंस 108 की मदद से बाकी लोगों को सिविल अस्पताल रामपुरा फूल में दाखिल करवाया गया, जहां पर राजत दुलारी के पति मोनू कुमार ने भी दम तोड़ दिया। दंपती बिहार के रहने वाले थे, जबकि कार में सवार जमींदार हरमीत सिंह व उसके मजदूर विजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है। एएसआइ गुरचरण सिंह ने बताया कि राजत दुलारी के भाई विजय कुमार के बयान पर कार्रवाई करते हुए शवों का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए स्वजनों के सुपुर्द कर दिया है।