घर में घुसकर किया हमला, नौ के खिलाफ केस
रंजिशन नौ लोगों ने मिलकर तेजधार हथियारों से हमला कर एक व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
जासं, बठिडा : रंजिशन नौ लोगों ने मिलकर तेजधार हथियारों से हमला कर एक व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोपितों के पास पिस्तौल भी थी, जिसे दिखाकर उन्होंने घायल व्यक्ति को जान से मारने की धमकियां भी दी। थाना संगत पुलिस को शिकायत देकर गांव मसाना निवासी चरणजीत सिंह ने बताया कि उसका गांव पन्नीवाला मोहरी का जिला सिरसा, हरियाणा निवासी दीप सिंह के साथ झगड़ा चल रहा था। इसी रंजिश में आरोपित दीप सिंह ने बीती 22 अक्टूबर को आरोपित गांव पन्नीवाला निवासी सुदंर सिंह, डबवाली निवासी गगन सिंह, मांगेआना निवासी निक्कू सिंह, गांव सामतखेड़ा निवासी अजय सिंह व विजय सिंह के अलावा तीन अज्ञात लोगों को साथ लेकर लाठियों, तलवारों व पिस्तौल के साथ उसके घर में हमला कर दिया। इस दौरान उक्त लोगों ने उस पर तेजधार हथियारों से मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपित मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी शुरू कर दी है।