पंजाब के बरनाला अनाज मंडी में दर्दनाक हादसा, करंट से दो मजदूरों की मौत; एक की हालत गंभीर
तपा की अनाज मंडी में बुधवार सुबह बिजली के तारों की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
-1791978972230_m.webp)
तपा अनाज मंडी में करंट से दो मजदूरों की मौत, एक घायल।
HighLights
तपा अनाज मंडी में बिजली के तारों से हादसा।
दो मजदूरों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल।
हाइटेंशन तारों के संपर्क में आने से हुआ हादसा।
संवाद सहयोगी, तपा बरनाला। तपा की बाहरी अनाज मंडी में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक आढ़त की दुकान पर काम करने वाले तीन बाहरी मजदूर बिजली की तारों की चपेट में आ गए।
इस हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में एक 15 वर्षीय किशोर भी शामिल है। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों मजदूर अनाज मंडी में एक बड़ी सीढ़ी की मदद से बिजली की तार जोड़ने का काम कर रहे थे। इसी दौरान सीढ़ी ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली की तारों के संपर्क में आ गई। इससे तीनों मजदूर करंट की चपेट में आ गए और सीढ़ी से नीचे गिर पड़े।
हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीसरा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों की पहचान सचिन पासवान पुत्र केवल पासवान और रुदन पासवान निवासी जिला खगड़िया, बिहार के रूप में हुई है।
सचिन की उम्र 15 वर्ष बताई जा रही है। वहीं, घायल मजदूर की पहचान रजित राव पुत्र लखमन राव निवासी जिला खगड़िया, बिहार के रूप में हुई है। उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही मार्केट कमेटी के सचिव सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए।
अस्पताल में चिकित्सकीय जांच के बाद सचिन पासवान और रुदन पासवान को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि रजित राव का इलाज जारी है। इस दर्दनाक घटना की खबर फैलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। आढ़तियों ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया।
इस घटना ने अनाज मंडी में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। थाना प्रभारी अमरीक सिंह और चौकी इंचार्ज कुलवंत सिंह ने कहा कि पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद मामले में नियमानुसार कार्रवाई करेगी।
