ट्रैक्टर चालक ने बाइक सवार दंपती को मारी टक्कर, महिला की मौत
धनौला रोड पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर चालक ने बाइक सवार दंपती को कुचल दिया।
जागरण संवाददाता, बरनाला
धनौला रोड पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर चालक ने बाइक सवार दंपती को कुचल दिया। हादसे में बाइक के पीछे बैठी महिला की मौके पर मौत हो गई जबकि बाइक चालक पति गंभीर रूप में घायल हो गया। लोगों ने उसे सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। थाना सिटी-टू की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर चालक मिट्टी से भरी ट्राली लेकर आइटीआइ चौक से शहर की तरफ आ रहा था। इसी दौरान प्रेम नगर की तरफ से बाइक सवार रोशन कुमार अपनी पत्नी रजनी रानी के साथ जब मोड़ से सड़क पर चढ़ने लगा तो ट्रैक्टर चालक ने उनको अपनी चपेट में ले लिया। रजनी रानी की ट्रैक्टर के टायर के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई जबकि रोशन कुमार गंभीर रूप में घायल हो गया। ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने उसे सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। मृतक महिला नगर कौंसिल में सफाई कर्मचारी थी व ड्यूटी करके घर वापस जा रही थी।
एसएचओ लखविदर सिंह ने बताया कि घायल रोशन कुमार के बयानों के आधार पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके कानूनी कार्रवाई शुरु कर दी गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।