प्रदूषण नियंत्रण के लिए सबको एक पौधा जरूर लगाना चाहिए
पर्यावरण साफ व शुद्ध होगा तभी हम भयानक बीमारियों से अपना बचाव सकते हैं लेकिन आज के समय की बात की जाए तो प्रदूषण इतना बढ़ गया है कि सांस लेना भी मुश्किल होता जा रहा है।
पूजा सिगला, बरनाला : पर्यावरण साफ व शुद्ध होगा तभी हम भयानक बीमारियों से अपना बचाव सकते हैं, लेकिन आज के समय की बात की जाए तो प्रदूषण इतना बढ़ गया है कि सांस लेना भी मुश्किल होता जा रहा है। इसलिए प्रदूषित हो रहे पर्यावरण को बचाने के लिए हम सबको एक प्रयास करने की जरूरत है, वह प्रयास सिर्फ ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाकर उनकी देखभाल कर ही हो सकते हैं।
पर्यावरण बचाना आज के समय की जरूरत : प्रेमी जीवन
पर्यावरण प्रेमी जीवन बांसल ने कहा कि प्रदूषित हो रहे पर्यावरण को बचाना आज के समय की मुख्य जरूरत है। इसलिए हर एक मनुष्य का नैतिक फर्ज बनता है कि वह एक पौधा जरूर लगाए व उसकी तब तक संभाल करे जब तक वह बड़ा होकर पेड़ नहीं बन जाता। ऐसा करने से हम प्रदूषित हो रहे पर्यावरण को बचाने में अपना सहयोग कर सकते हैं।
घर के आगे खाली जगह पर पौधे जरूर लगाएं : संजीव गुप्ता
पर्यावरण प्रेमी संजीव गुप्ता सिप्पी ने कहा कि हम सबको अपने घर के आगे व खाली जगहों पर ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने चाहिए। सिर्फ पौधे लगाने से हमारी जिम्मेदारी खत्म नहीं होगी, बल्कि उनकी संभाल भी करनी चाहिए तभी हम प्रदूषित हो रहे पर्यावरण को बचा सकते हैं।
खुशी में मौके पर पर्यावरण संरक्षण का लें संकल्प : वरिदर हैप्पी
पर्यावरण प्रेमी वरिदर हैप्पी ठेकेदार ने कहा कि हमें पर्यावरण को प्रदूषित होने से बचाने के लिए अपने जन्मदिन, सालगिरह, बच्चों के जन्मदिन व अन्य किसी खुशी के समय पर एक पौधा जरूर लगाना चाहिए। इससे जहां पर्यावरण को साफ व स्वस्थ रखने में अपना योगदान डाल सकेंगे, वहीं पौधे लगाने से हम अपनी आने वाली पीढ़ी को भी शुद्ध पर्यावरण दे सकेंगे।
खुद जागरूक होकर दूसरों को भी करें जागरूक : विकास बांसल
पर्यावरण प्रेमी विकास बांसल ने कहा कि वृक्ष हमें फल, फूल, जनऔषधि ईधन, आक्सीजन के साथ-साथ विभिन्न प्रकार के लाभ मिलते हैं। इस लिए हमें खुद भी अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए व दूसरों को भी पौधे लगाने के लिए प्रेरित करना चाहिए, ताकि हम प्रदूषित हो रहे पर्यावरण को साफ रखने में अपना योगदान कर सकें।