विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पांच साल के बच्चे ने जीता प्रीति जिंटा का दिल, बाढ़ पीड़ितों की मदद की थी; आईपीएल मैच में किया सम्मानित

Published: Mon, 20 Apr 2026 06:42 PM (GMT+05:30)

बरनाला के पांच वर्षीय हरगुण सिंह को बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए प्रीति जिंटा ने मैच के दौरान सम्मानित ...और पढ़ें

हरगुण सिंह को अवार्ड देते हुए प्रीति जिंटा।

हरगुण सिंह को अवार्ड देते हुए प्रीति जिंटा।

HighLights

  1. हरगुण ने बाढ़ पीड़ितों के लिए अपनी गुल्लक दान की।

  2. प्रीति जिंटा ने आईपीएल मैच में हरगुण को सराहा।

  3. बच्चे को स्वर्ण पदक और विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

हेमंत राजू, बरनाला। पंजाब के बरनाला के पांच वर्षीय हरगुण सिंह धालीवाल की छोटी सी सोच और बड़े दिल ने उसे एक खास पहचान दिला दी है। बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए अपनी गुल्लक दान करने वाले इस बच्चे को अब बड़े मंच पर सम्मान मिला है। मशहूर फिल्म अभिनेत्री और पंजाब की खेल टीम की सह-मालिक प्रीति जिंटा ने उसे विशेष रूप से सम्मानित किया।

यह सम्मान चंडीगढ़ के एक स्टेडियम में उस समय दिया गया, जब पंजाब की टीम और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मुकाबला चल रहा था। इस मौके पर हरगुण को सोने का पदक देकर सम्मानित किया गया और उसे अपने साथ बैठाकर पूरा मुकाबला भी दिखाया गया।

हरगुण सिंह धालीवाल ने पिछले दिनों पंजाब में आई बाढ़ के दौरान अपनी गुल्लक की पूरी बचत जिला प्रशासन के माध्यम से सरकार को दान कर दी थी। उसकी इस नेक पहल की चर्चा पूरे प्रदेश में हुई और समाज के हर वर्ग ने उसकी सराहना की।

यह भी पढ़ें- फाजिल्का में अंतिम संस्कार पर गया था परिवार, सूने घर में दिनदहाड़े चोरी; नकदी और गहने लेकर फरार हुए बाइक सवार

हरगुण को खुद प्रीति ने ढूंढा

प्रीति जिंटा ने हरगुण से बातचीत करते हुए उसके पढ़ाई, परिवार और समाज सेवा के जज्बे के बारे में जाना। उन्होंने कहा कि हरगुण जैसे बच्चे समाज के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने यह भी बताया कि हरगुण को ढूंढने में उन्हें समय लगा, जिसके लिए उन्होंने उससे माफी भी मांगी।

इस खास मौके पर फिल्म अभिनेता अर्जुन रामपाल, पंजाबी अभिनेत्री सोनम बाजवा, गायक जसबीर जस्सी और कुलविंदर बिल्ला सहित कई नामी हस्तियां मौजूद रहीं। सभी ने हरगुण को आशीर्वाद और प्रोत्साहन दिया।

यह भी पढ़ें- एसजीपीसी की हुई बैठक, राजोआना की बेल याचिका और भाखड़ा मुद्दे पर लिया बड़ा फैसला

बच्चे को मिली प्रशंसा से माता-पिता हुए भावुक

हरगुण के माता-पिता ने इस सम्मान पर खुशी जताते हुए कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनके बेटे को इतना बड़ा मंच मिलेगा। उन्होंने प्रीति जिंटा का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने जिस तरह प्यार और सम्मान दिया, वह हमेशा याद रहेगा।

परिवार ने इस अवसर पर प्रीति जिंटा को पंजाबी संस्कृति का प्रतीक फुलकारी भेंट की। वहीं हरगुण के विद्यालय के प्राचार्य और अध्यापकों ने भी उसे स्मृति चिन्ह और पुस्तकें देकर सम्मानित किया।

गौरतलब है कि हरगुण सिंह धालीवाल को इससे पहले भी पंजाब सरकार द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। उसकी यह पहल समाज के लिए एक प्रेरणा बनकर सामने आई है, जो दिखाती है कि मदद करने के लिए उम्र नहीं, बल्कि सोच बड़ी होनी चाहिए।

यह भी पढ़ें- बठिंडा में सफाई व सीवरेज कर्मियों की हड़ताल, निगम दफ्तर के बाहर जोरदार प्रदर्शन, मांगें पूरी न होने पर चेतावनी