लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने में नाकाम रही आप : ढिल्लों
लोकसभा संगरूर के उपचुनाव के परिणाम के बाद भाजपा उम्मीदवार केवल सिंह ढिल्लों ने इंटरनेट मीडिया पर वीडियो जारी करके लोगों के फैसले का स्वागत किया है।
जागरण संवाददाता, बरनाला
लोकसभा संगरूर के उपचुनाव के परिणाम के बाद भाजपा उम्मीदवार केवल सिंह ढिल्लों ने इंटरनेट मीडिया पर वीडियो जारी करके लोगों के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि चुनाव के इन परिणामों ने साफ कर दिया है कि पंजाब में बनी आम आदमी पार्टी की सरकार लोगों के दिल-दिमाग से निकल चुकी है। तीन माह पहले विस चुनावों में लोगों ने आम आदमी पार्टी पर विश्वास जताते हुए पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनाई परंतु आम आदमी पार्टी अपने तीन माह के कार्यकाल में लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने में नाकाम साबित हुई है। इस क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के नौ विधायक, तीन मंत्री व एक मुख्यमंत्री होने के बावजूद वह इस उपचुनाव में पीछे रहे जिससे सिद्ध होता है कि आम आदमी पार्टी अपने वादे पूरे नहीं कर सकी। उन्हें इस बात की खुशी है कि भारतीय जनता पार्टी पहली बार अपने चुनाव चिन्ह कमल पर चुनाव लड़ी है। पंजाब में भारतीय जनता पार्टी रेगिस्तान की तरह थी, जिस पर अब कमल का फूल खिला है। 990 गांवों व 1800 बूथों पर इस समय भारतीय जनता पार्टी के बूथ लगे हैं। उन्होंने दावा करते कहा कि 2024 व 2027 के चुनावों में पंजाब में भारतीय जनता पार्टी की सरकार होगी।