त्योहारी सीजन से पहले स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, बरनाला में 200 किलो फफूंद लगी बर्फी नष्ट
स्वास्थ्य विभाग बरनाला ने त्योहारों के सीजन से पहले मिलावटखोरों पर कार्रवाई करते हुए 200 किलो फफूंद लगी खोए की ...और पढ़ें

बरनाला में 200 किलो फफूंद लगी बर्फी नष्ट। फोटो जागरण
HighLights
स्वास्थ्य विभाग ने बरनाला में मिलावटखोरों पर कार्रवाई तेज की।
जेएफपी कोल्ड स्टोर से 200 किलो फफूंद लगी बर्फी नष्ट की।
बर्फी के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए, आगे की कार्रवाई होगी।
जागरण संवाददाता, बरनाला। त्योहारों के सीजन को देखते हुए जिला बरनाला के स्वास्थ्य विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बाजाखाना रोड स्थित जेएफपी कोल्ड स्टोर में रखी करीब 200 किलो खोए की बर्फी उल्ली लगी हुई मौके पर ही नष्ट करवा दी। वहीं बर्फी के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं।
जानकारी देते हुए जिला फूड सेफटी अधिकारी चरणजीत सिंह ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि बाजाखाना रोड स्थित जेएफपी कोल्ड स्टोर में एक हलवाई द्वारा संदिग्ध मिठाइयां स्टाक करके रखी गई हैं। सूचना के आधार पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कोल्ड स्टोर में छापेमारी की। जांच के दौरान कोल्ड रूम में करीब 200 किलो खोए की बर्फी रखी मिली।
पूछताछ करने पर कोल्ड स्टोर मालिक ने बताया कि यह पूरा स्टाक बाजाखाना रोड स्थित कार्तिक स्वीट्स का है। इसके बाद कार्तिक स्वीट्स के मालिक को मौके पर बुलाया गया। जिला फूड सेफटी अधिकारी चरणजीत सिंह ने बताया कि दुकानदार की मौजूदगी में बर्फी के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। वहीं करीब 200 किलो बर्फी को मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया।
उन्होंने कहा कि लैब रिपोर्ट आने के बाद अगली नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि पंजाब सरकार के निर्देशों के अनुसार मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
