बरनाला: डिलीवरी बॉय से मारपीट के बाद ब्लिंकिट कर्मचारियों का धरना, बोले- अब नहीं लेंगे कोई ऑर्डर
बरनाला के केसी रोड पर ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय के साथ ग्राहक द्वारा पैसे न देने पर मारपीट की गई, जिसमें तीन डिलीवरी बॉय गंभीर रूप से घायल हो गए।

HighLights
ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय पर ग्राहक ने पैसे न देने पर हमला किया।
बरनाला में हुई घटना में तीन डिलीवरी बॉय गंभीर घायल हुए।
पुलिस ने पीड़ितों के बयान दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की।
जागरण संवाददाता, बरनाला। केसी रोड पर ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय के साथ बदसलूकी और मारपीट का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, एक राइडर 4000 का आर्डर देने पहुंचा तो ग्राहक पैसे देने में आनाकानी करने लगा।
डिलीवरी बॉय ने जब इस बात की जानकारी अपने ग्रुप मैसेज के जरिए साथियों को दी, तो वे मौके पर पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद ऑर्डर मंगवाने वाले व्यक्ति ने तेजधार हथियार से हमला कर दिया, जिसमें तीन डिलीवरी बॉय गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद डिलीवरी वालों ने वहीं धरना शुरू कर दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि, अब कोई ऑर्डर डिलीवर नहीं किया जाएगा।
घटना के बाद जब घायल स्टोर मैनेजर के पास मदद के लिए पहुंचे, तो उसने सामने आने और मदद करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद घायलों को इलाज के लिए बरनाला के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस की बस स्टैंड चौकी टीम ने पीड़ितों के बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
