संत निरंकारी मिशन ने 23 को देशव्यापी सफाई अभियान की तैयारी
बरनाला संत निरंकारी मिशन 23 फरवरी को देश भर में एक स्वच्छता अभियान का आयोजन करेगा।
जागरण संवाददाता, बरनाला : संत निरंकारी मिशन 23 फरवरी को देश भर में एक स्वच्छता अभियान का आयोजन करेगा, जिसमें अन्य स्थानों के अतिरिक्त 1166 सरकारी अस्पतालों की सफाई की जाएगी। यह अभियान देश के अतिरिक्त दूर-देशों में भी बाबा हरदेव सिंह जी महाराज की 66वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है, जिन्होंने 36 वर्षों तक इस मिशन का सद्गुरु रूप में मार्गदर्शन किया व 13 मई 2016 को अपने नश्वर शरीर का त्याग किया। बाबा जी कहा करते थे कि प्रदूषण अंदर का हो या बाहर का, दोनों ही हानिकारक है। यह सफाई अभियान संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के तत्वाधान में आयोजित किया जा रहा है। इसमें साढ़े तीन लाख श्रद्धालु भक्त उपस्थित होगे, जिनमें फाउंडेशन व संत निरंकारी सेवादल के सेवादारों के अतिरिक्त साध संगत के अन्य सदस्य भी होंगे। इसी लड़ी के तहत बरनाला में सिविल अस्पताल, जच्चा-बच्चा अस्पताल बरनाला, शहीद भगत सिंह पार्क बरनाला के अलावा तपा व धनौला के सिविल अस्पताल में रविवार को सुबह 6 से 10 बजे तक यह सफाई अभियान चलाया जाएगा। जिसमें सेवादल व साध संगत मिल कर यह मानवता की सेवा करेगी। संत निरंकारी मिशन आध्यात्मिक जागरूकता के साथ-साथ कई अन्य प्रकार से भी मानव सेवा करता आ रहा है।