विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब के अमृतसर में AAP नेता को लगी गोली, गाड़ी पार्किंग को लेकर हुआ था विवाद

Published: Thu, 28 May 2026 05:58 PM (GMT+05:30)Updated: Thu, 28 May 2026 06:32 PM (GMT+05:30)

पंजाब के अमृतसर में थार गाड़ी की पार्किंग को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया, जिसमें गोलीबारी हुई।

अमृतसर में मामूली विवाद पर ताबड़तोड़ फायरिंग (एजेंसी फोटो)

अमृतसर में मामूली विवाद पर ताबड़तोड़ फायरिंग (एजेंसी फोटो)

HighLights

  1. थार गाड़ी की पार्किंग को लेकर विवाद

  2. अमृतसर के कोट आत्मा राम में गोलीबारी

  3. गोली लगने से ग्राहक सहित दो घायल

डिजिटल डेस्क, अमृतसर। पंजाब के अमृतसर के कोट आत्मा राम इलाके में गुरुवार दोपहर को महज थार गाड़ी की पार्किंग को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। मामूली सी बहस के बाद दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चले और गोलियां भी बरसाई गईं। इस गोलीबारी की चपेट में आने से एक ग्राहक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और सीसीटीवी फुटेज (डीवीआर) को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

थार गाड़ी अड़ाने पर शुरू हुआ पूरा विवाद

मामले की जानकारी देते हुए अमृतसर के एसीपी रविंदर सिंह ने बताया कि दोपहर करीब 1:30 बजे पुलिस को कोट आत्मा राम इलाके में फायरिंग होने की सूचना मिली थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस विवाद की जड़ गलत तरीके से गाड़ी खड़ी करना था।

इस घटना में इलाके में रहने वाले आम आदमी पार्टी के वार्ड नंबर 42 के इंचार्ज जयपाल सिंह उर्फ बाउ और एक अन्य घायल हो गए। जयपाल के  के बेटे ने अपनी थार एसयूवी  को एक गली में दूसरे वाहन के ठीक सामने अड़ाकर खड़ा कर दिया था। इसी गली में रहने वाले सेवानिवृत्त  इंस्पेक्टर तेजिंदर सिंह ने जब इस तरह गाड़ी पार्क करने पर आपत्ति जताई, तो युवक उनसे उलझ गया और बहस करने लगा।

बहस बढ़ी तो फोन कर बुलाए हथियारबंद पिता-भाई

एसीपी के मुताबिक, बहस के दौरान ही युवक ने अपने मोबाइल फोन से कॉल करके अपने पिता और भाई को मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में युवक के पिता और भाई रिवॉल्वर और कृपाण से लैस होकर वहां पहुंच गए। उन्होंने आते ही पूर्व इंस्पेक्टर तेजिंदर सिंह पर हमला बोल दिया और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट होने लगी।

दोनों तरफ से चलीं गोलियां

कहासुनी और हाथापाई के दौरान पूर्व इंस्पेक्टर तेजिंदर सिंह ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी। तेजिंदर सिंह द्वारा चलाई गई एक गोली वहां मौजूद उनके एक ग्राहक नरेंद्र सिंह के पैर में जा लगी। इसके तुरंत बाद तेजिंदर सिंह ने फिर से गोली चलाई, जो सीधे दूसरे पक्ष के जयपाल सिंह के पैर में लगी। पुलिस के अनुसार, दोनों ही पक्षों की ओर से गोलियां चलाई गई हैं।

"दोनों घायल खतरे से बाहर, कानूनी कार्रवाई शुरू"

हमें दोपहर डेढ़ बजे सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। दोनों घायलों (नरेंद्र सिंह और जयपाल सिंह) को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हमने इलाके की डीवीआर (सीसीटीवी फुटेज) अपने कब्जे में ले ली है। दोनों पक्षों के खिलाफ उचित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। -रविंदर सिंह, एसीपी (अमृतसर)