खेलते-खेलते गांव के छप्पड़ में गिरे दो मासूम बच्चों की मौत
कस्बा खेमकरण के समीप गांव रत्तोके में छप्पड़ में गिरने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। तीन-तीन साल के दोनों बच्चे ममेरे भाई थे।
धर्मबीर सिंह मल्हार, तरनतारन : कस्बा खेमकरण के समीप गांव रत्तोके में छप्पड़ में गिरने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। तीन-तीन साल के दोनों बच्चे ममेरे भाई थे। बच्चों की पहचान अरमान सिंह निवासी गांव रत्तोके और मनिंदर सिंह निवासी जीरा (फिरोजपुर) के रूप में हुई है। मनिंदर अपनी मां के साथ रत्तोके स्थित अपने मामा के घर आया हुआ था।
थाना खेमकरण के गांव रत्तोके (गुरुद्वारा) निवासी रंजीत सिंह के घर उसकी बहन राजबीर कौर निवासी बस्ती जीरा, फिरोजपुर छुंिट्टयां बिताने आई थी। उसका 3 वर्षीय बेटा मनिंदर सिंह भी साथ आया था। शुक्रवार दोपहर को रंजीत सिंह का लड़का अरमान सिंह भूआ राजबीर के बेटे मनिंदर सिंह के साथ घर के बाहर खेल रहा था। दोनों खेलते-खेलते घर के पास ही बने छप्पड़ में जा गिरे। बच्चों का करीब एक घंटा कोई सुराग नहीं लगा। परिवार वाले बच्चों को ढूंढने लगे। सरपंच कुलबीर सिंह व लखबीर सिंह गिल ने बच्चों को ढूढने लिए गुरुद्वारा साहिब में अनाउंसमेंट करवाई। करीब चार घंटे बाद देर शाम ग्रामीणों ने दोनों के शव छप्पड़ में पड़े देखे। मौके पर थाना प्रभारी परमजीत कुमार पहुंचे, पर परिजनों ने किसी तरह की कार्रवाई से मना कर दिया। शनिवार को दोनों के शव दफना दिए गए। दो मासूम बच्चों की मौत से पूरा इलाका गम में डूब गया। ग्रामीण सेवा सिंह, नाजर सिंह, बलबीर सिंह, सुच्चा सिंह, जसबीर कौर, राम सिंह, हरजीत कौैर ने मांग की कि दोनों मासूम बच्चों के परिजनों को सरकार की ओर से मुआवजा दिया जाए। मनिंदर के मां-बाप हैं दिव्यांग
फिरोजपुर की बस्ती जीरा से अपने मायके घर आई राजबीर कौर उस घड़ी को कोस रही थी जब उसने अपने जिगर के टुकड़े को खेलने लिए घर से बाहर भेजा। राजबीर कौर व उसका पति पलविंदर सिंह दोनों ही दिव्यांग हैं। मेहनत मजदूरी करके घर का गुजारा करने वाले पलविंदर सिंह को दिलासा देने वाले भी श्मशानघाट में रो पड़े।
नेताओं ने जताया परिवारों से दुख
खेमकरण के विधायक सुखपाल सिंह भुल्लर, पूर्व मंत्री गुरचेत सिंह भुल्लर, शिअद के प्रवक्ता प्रो. विरसा सिंह, युवा अकाली दल गोरवदीप सिंह वल्टोहा, पंजाबी एकता पार्टी के जिला अध्यक्ष सुखबीर सिंह वल्टोहा ने दोनों बच्चों के परिवारों से हमदर्दी का प्रगटावा किया।