चोरी की बोलेरो को पुलिस ने डाला घेरा, दो गिरफ्तार, एक फरार
अमृतसर विभिन्न जगहों से कारें चोरी कर बेचने वाले गिरोह के दो सदस्यों को थाना अजनाला पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
जागरण संवाददाता, अमृतसर
विभिन्न जगहों से कारें चोरी कर बेचने वाले गिरोह के दो सदस्यों को थाना अजनाला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपितों के नाम जरनैल सिंह और जसविदर सिंह निवासी गांव सुर सिंह हैं। दोनों आरोपितों से पुलिस ने बोलेरो गाड़ी भी बरामद की है। इनका तीसरा साथी गुरु सिंह मौके से भागने में सफल हो गया। पूछताछ के दौरान पता चला है कि यह तीनों करीब दो सालों से कारें चोरी कर बेचने का धंधा कर रहे थे। अब तक गिरोह के सदस्य करीब दो दर्जन कारें चोरी कर चुके हैं।
एएसआइ बलजीत सिंह ने बताया कि कार चोरी की लगातार हो रही वारदातों के चलते वह अपनी टीम के साथ इन आरोपितों को पकड़ने का प्रयास कर रहे थे। आज सूचना मिली थी कि तीनों एक बोलेरो गाड़ी में सवार होकर बेचने के लिए जा रहे हैं। इस पर ट्रैप लगाया गया। तीनो बोलेरो में आ रहे थे। पुलिस टीम ने जब घेरा डाला तो एक आरोपित गुरु सिंह मौके से भाग निकला। मगर बाकी दो को धर लिया गया। आरोपितों से पूछताछ जारी है। इनके तीसरे साथी गुरु सिंह को पकड़ने के लिए रेड की जा रही है। वह ही इस गिरोह का सरगना है।
गुरु सिंह अपने ठिकानों पर छिपाता है चोरी किए वाहन
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गिरोह का सरगना गुरु सिंह वाहन चोरी करने के बाद अपने ठिकाने पर छिपा देता है। इस बारे में सिर्फ गुरु सिंह को ही पता होता है। वह किसी भी अन्य साथी को इस बारे में नहीं बताता है। इसलिए अब पुलिस उसे पकड़ने की कोशिश कर रही है। ताकि बाकी गाड़ियों की रिकवरी हो सके।