तरनतारन: कॉलेज लाइब्रेरियन ने की आत्महत्या, वीडियो बनाकर सुपरिंटेंडेंट पर रिश्वत मांगने व प्रताड़ित करने का लगाया आरोप
तरनतारन के श्री गुरु अर्जन देव सरकारी कॉलेज के लाइब्रेरियन तरसेम सिंह ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली।

लाइब्रेरियन ने जहरीला पदार्थ निगल दी जान, वीडियो में सुपरिंटेंडेंट पर लगाए आरोप।
HighLights
लाइब्रेरियन तरसेम सिंह ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की।
सुसाइड वीडियो में सुपरिंटेंडेंट जगतार सिंह पर रिश्वत का आरोप।
परिवार ने शव रखकर कॉलेज के बाहर किया प्रदर्शन।
जागरण संवाददाता, तरनतारन। श्री गुरु अर्जन देव सरकारी कालेज के लाइब्रेरियन तरसेम सिंह (45) ने जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। इससे पहले तरसेम ने मोबाइल पर वीडियो बनाकर कालेज के सुपरिंटेंडेंट जगतार सिंह पर रिश्वत मांगने के आरोप लगाए।
इंसाफ के लिए परिवार ने कालेज के सामने शव रखकर दो घंटे यातायात रोका। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची व शव कब्जे में लेकर सुपरिंटेंडेंट जगतार सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। इसके बाद स्वजनों ने यातायात बहाल किया।
मोहल्ला टांक कुछत्रीय स्थित भगवान वाल्मीकि कालोनी निवासी संतोख सिंह का लड़का तरसेम सिंह कई साल से श्री गुरु अर्जन देव सरकारी कालेज में बतौर लाइब्रेरियन नौकरी करता था। इसी कालेज में तैनात सुपरिंटेंडेंट जगतार सिंह की ओर से कथित तौर पर तरसेम सिंह से रिश्वत ली जाती थी। कई बार हाजिरी रोक दी जाती।
वायरल हुए वीडियो के मुताबिक तरसेम सिंह ने आरोप लगाया कि वह तीन बार सुपरिंटेंडेंट को रिश्वत दे चुका है। कुछ दिन पूर्व बीमार हुआ तो मेडिकल के मामले पर भी सुपरिंटेंडेंट द्वारा रिश्वत मांगी गई। इस दौरान उसका तबादला करवाने की धमकियां दी गईं।
तरसेम सिंह ने वीडियो में आरोप लगाया कि वह तंग आकर आत्महत्या कर रहा है, इसके लिए सुपरिंटेंडेंट जगतार सिंह जिम्मेदार है। तरसेम सिंह ने वीडियो में अपने परिवार से कहा था कि इंसाफ लेने के लिए मेरा शव कालेज के बाहर रखा जाए। परिवार ने ऐसा करते शव कालेज के बाहर रखकर यातायात बाधित कर दिया। नतीजन सरकारी कालेज में विद्यार्थियों की आमद नहीं हो पाई। दो घंटे तक प्रदर्शन जारी रहा।
तरसेम सिंह का भाई जतिंदर पप्पू भी इसी कालेज में तैनात है। तरसेम की दो बड़ी बेटियां हैं। जबकि दो वर्ष पूर्व उसके यहां बेटा पैदा हुआ था। पत्नी नीतू को जब पता चला कि तरसेम सिंह की मौत हो चुकी है तो वह आपा खो बैठी। बेटे का वास्ता देते हुए नीतू ने पुलिस के समक्ष गुहार लगाई कि जगतार सिंह को गिरफ्तार किया जाए। तरसेम सिंह ड्यूटी के प्रति गंभीर था। कुछ दिन पूर्व बीमार होने कारण उसने छुट्टी मांगी थी। मैंने कहा था कि सुपरिंटेंडेंट को लिखित तौर पर दें। बाद में दोनों के बीच क्या हुआ, मुझे इसकी जानकारी नहीं। -प्रिं. अमनदीप कौर भट्टी
शव का पोस्टमार्टम करवाकर जांच की जाएगी। आत्महत्या से पहले तरसेम सिंह द्वारा बनाया वीडियो कब्जे में ले लिया है। इसके आधार पर जगतार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच निष्पक्षता से करेंगे, ताकि पीड़ित परिवार को इंसाफ मिल सके। -सुखबीर सिंह, डीएसपी
