सिद्धू को बर्दाश्त नहीं हुआ अनुसूचित जाति का सीएम बनना, एससी विरोधी है सीएम : संजीव कुमार
एससी मोर्चा के जिला प्रधान संजीव कुमार ने कहा कि पंजाब कांग्रेस के प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू को अनुसूचित जाति से संबंधित मुख्यमंत्री बनाया जाना बर्दाश्त नहीं हुआ है
जासं, अमृतसर :
भारतीय जनता पार्टी एससी मोर्चा के जिला प्रधान संजीव कुमार ने कहा कि पंजाब कांग्रेस के प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू को अनुसूचित जाति से संबंधित मुख्यमंत्री बनाया जाना बर्दाश्त नहीं हुआ है। यहीं कारण है कि उन्होंने अपना इस्तीफा दे दिया।
उन्होंने कहा कि सिद्धू कह रहे हैं कि लोगों के भविष्य को देखते हुए यह फैसला लिया है, जबकि ऐसा कुछ भी नहीं है। सिद्धू ने लोगों के भविष्य को नहीं बल्कि अपने भविष्य को देखते हुए यह फैसला लिया है। क्योंकि उन्हें यह डर सताने लगा है कि वर्ष 2022 में उन्हें पंजाब का मुख्यमंत्री नहीं बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सिद्धू के इस्तीफे से साफ है कि वह एससी विरोधी हैं और एससी समाज के लोग उन्हें किसी भी कीमत पर माफ नहीं करेंगे। आने वाले विधानसभा चुनाव में उन्हें इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे।
भाजपा नेता ने कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू का राजनीतिक इतिहास कुछ खास नहीं रहा है। वह सिर्फ चुनाव जीत सके है, लेकिन लोगों की उम्मीदों को वह नहीं जीत सके। उन्होंने अपने सांसद और विधायक के कार्यकाल में कोई ऐसा काम नहीं किया, जिससे वह जनता का दिल जीत सके। वह सिर्फ अपने हितों के लिए ही राजनीति करते आए है। अब पंजाब कांग्रेस का प्रधानगी पद से इस्तीफा देना भी इसी का हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि सिद्धू का राजनीतिक इतिहास यह भी रहा है कि वह कभी किसी पार्टी के नहीं रहे है। कभी भाजपा में रहे तो कभी कांग्रेस में। अपने हित्तों के लिए उन्होंने कैप्टन अमरिदर सिंह को सीएम पद से हटवा दिया, अब वह खुद मुख्यमंत्री बनने के सपने देख रहे है, जोकि कभी भी पूरे नहीं होंगे।