एसएचओ ने थाने में करवाया युवती का शगुन
। थाना छेहरटा की इंचार्ज राजविदर कौर ने ख्याला गांव की लड़की किरण के शगुन की रस्म थाने में अदा की।
संवाद सूत्र, छेहरटा
कोरोना काल में थानों की परिभाषा बदल गई है। चौक-चौराहों पर ड्यूटी देने वाले पुलिस अधिकारी व मुलाजिम अब शादी करवाने में मशगूल हो गए हैं। शादी के रस्म रिवाज निभाने वाली पुलिस मंगलवार को चौक-चौराहों पर ड्यूटी देना भूल गई। छेहरटा चौक के साथ ही बीती रात एक कोरोना पॉजिटिव महिला का केस सामने आया था। इसके बावजूद क्षेत्र में लोग बेखौफ घूमते रहे।
थाना छेहरटा की इंचार्ज राजविदर कौर ने ख्याला गांव की लड़की किरण के शगुन की रस्म थाने में अदा की। परिवार के सदस्यों द्वारा बताया गया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी गांव वालों के कहने पर रखी थी।
गांव वालों ने उनकी मदद करने का भरोसा दिया था लेकिन शादी से दो दिन पहले ही गांव वालों ने मदद करने से मना कर दिया। इस पर परिवार ने थाना छेहरटा की इंचार्ज राजविदर कौर से संपर्क किया। एसएचओ राजविदर कौर ने मार्केट के दुकानदारों के सहयोग से सामान इकट्ठा किया। शगुन का टोकरा भी बनवाया और सभी पुलिस कर्मियों द्वारा थाने में ही शगुन की रस्म अदा की गई। एसएचओ ने कहा आज शगुन लगाया गया है और कल गुरुद्वारा कलगीधर साहिब नारायणगढ़ में शादी भी वह खुद ही करवाएंगी।