फोरएस चौक पर पुल का निर्माण धीमा, जाम में लोग परेशान
कुछ महीने पहले शहर में बनने वाले ओवरब्रिज के निर्माण के लिए उद्घाटन किया गया था।
अमनदीप सिंह, अमृतसर
कुछ महीने पहले शहर में बनने वाले ओवरब्रिज के निर्माण के लिए उद्घाटन किया गया था। इसमें वल्ला फाटक ओवरब्रिज, इस्लामाबाद ओवरब्रिज, फोरएस चौक, जोड़ा फाटक के बनने वाले ओवरब्रिज शामिल हैं। फोरएस चौक पर पुल का निर्माण कार्य काफी धीमा है। इस कारण लोग परेशान हो रहे हैं।
इस संबंध में शुभम शर्मा ने कहा कि मजीठा रोड के फोरएस चौक पर बनने वाला पुल लोगों के साथ एक मजाक है। लोग आज भी जाम की स्थिति में फंस रहे हैं। आए दिन इस रोड पर लोग हादसों का शिकार होते हैं। नेता उद्घाटन करवाने के बाद फोटो खिचवा कर चले गए, लेकिन बाद में हालात का जायजा नहीं लिया।
गुरदीप सिंह टाइला वाले ने कहा कि वह रोजाना क्षेत्र से गुजरते हैं। इस फोरएस चौक पर जाम की स्थिति ऐसी है कि कई बार एंबुलेंस भी आधा घंटा जाम में फंस जाती है। इस कारण यहां पर लोगों को बड़ी परेशानी झेलनी पड़ती है। सभी लोग जानते हैं इस रोड पर गुरु नानक देव अस्पताल, आंखों का सरकारी अस्पताल तथा अन्य कई अस्पताल हैं। पर जाम के कारण लोगों को वहां पहुंचने में दिक्कत होती है।
मनिदर सिंह सिमरन ने कहा कि मजीठा रोड शहर के कई हिस्सों को जोड़ती है। इसी रोड से मजीठा रोड के वासी अमृतसर में प्रवेश करते हैं। हालांकि फोरएस चौक पर पहुंचने पर उनको भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। इस रोड पर अधिकतर जाम की स्थिति ही लगी रहती है। लोग हादसों का तो शिकार होते हैं, वहीं अपने समय की बर्बादी भी करवाते हैं।
राहगीर पंकज कुमार, अनिल कुमार, गुरदीप सिंह, प्रेमनाथ, मीना कुमारी आदि ने कहा कि सरकार लोगों की समस्या को ध्यान में रखते हुए मजीठा रोड के फोरएस चौक पर जल्द से जल्द पुल का निर्माण करवाए। इस क्षेत्र में जाम ऐसा लगता है कि लोग अब इसे जाम वाला रोड कहने लगे हैं।
लग जाती है एक किलोमीटर तक वाहनों की लाइन
राहगीर व क्षेत्रवासी हरीश शर्मा, गुरुदेव कुमार, नीरज सिंह बताया कि मजीठा रोड का फोरएस चौक पूरी तरह से जाम से भरपूर है। यह रोड ज्यादा व्यस्त होने के कारण रोजाना इस रोड पर हर समय एक किलोमीटर तक जाम लगा ही रहता है। हालांकि जिला प्रशासन, हल्का विधायक, पार्षद तक सभी लीडर व अधिकारी इस परेशानी से अवगत है। बावजूद इसके इस चौक में आज तक लोगों को ट्रैफिक व्यवस्था का समाधान नहीं हो पाया है। वही कई महीनों से लोगों को इस रोड पर पुल बनाने का वादा किया गया, लेकिन वह भी अभी ठंडे बस्ते में पड़ा है।