प्रियंका को आगे कर राहुल गांधी ने खुद को राजनीति में फेल साबित किया : सुखबीर
शिअद के प्रधान सुखबीर बादल ने कहा है कि राहुल गांधी प्रियंका गांधी को आगे कर साबित कर दिया है कि वह राजनीति में फेल हो गए हैं।
अमृतसर, जेएनएन। शिरोमणि अकाली दल (बादल) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि कांग्रेस ने राजनीति में प्रियंका गांधी को आगे कर खुद ही साबित कर दिया है कि राहुल गांधी राजनीति में फेल हो चुके हैं। कांग्रेस अब किसी भी हालत में केंद्र की सत्ता में नहीं आ सकती।
उन्होंने यहां कहा कि कांग्रेस लोकसभा में कभी भी बहुमत हासिल नहीं कर सकती। केंद्र में दोबारा भाजपा के नेतृत्व में राजग की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब में भी अगले विधानसभा चुनाव के बाद अकाली-भाजपा की ही सरकार बनेगी।
उन्होंने कांग्रेस द्वारा प्रियंका गांधी काे पार्टी महासचिव बनाए जाने पर कहा है कि वास्तव में राहुल गांधी की विफलता को उजागर करता है। इससे साबित होता है कि राहुल गांधी ने राजनीति मेें अपनी हार मान ली है। उन्होंने कहा कि प्रियंका के आने से भी कांग्रेस को कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
शिअद अध्यक्ष ने कहा कि उनकी सरकार ने गुरु नगरी में जो विकास कार्य शुरू किए थे उन्हें कैप्टन सरकार ने बंद कर दिया है। कैप्टन खजाना खाली होने का झूठा प्रचार कर रहे हैं। असल में कैप्टन बहानेबाज हैं। हर वर्ष सरकार को 600 करोड़ शराब से इकट्ठा होता है। 2500 करोड़ जीएसटी से, एक हजार करोड़ ट्रांसपोर्ट विभाग से और 400 करोड़ से अधिक रजिस्ट्री विभाग से एकत्र होता है। जनता के पैसे से सरकार के विधायक और मंत्री मौज-मस्ती करना चाहते हैं।
मैं रहूं न रहूं, फिर भी शिअद रहेगा
शिअद अध्यक्ष ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल बादल परिवार की जागीर नहीं है। यह कांग्रेस के बाद सबसे पुरानी पार्टी है जिसकी कमान अलग-अलग नेताओं के हाथ में रही है। उन्होंने कहा कि सुखबीर रहे न रहे, फिर भी अकाली दल रहेगा।