शातिर निकला पंजाब का होमगार्ड, नौकरी दिलाने के नाम पर ठगे पैसे; धोखाधड़ी का मामला दर्ज
पंजाब होमगार्ड के जवान मनिंदर सिंह पर अमृतसर में नौकरी दिलाने के नाम पर 54 हजार रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगा है।

पंजाब होमगार्ड के जवान पर नौकरी दिलाने के नाम पर 54 हजार ठगने का आरोप।
HighLights
होमगार्ड जवान मनिंदर सिंह पर धोखाधड़ी का आरोप
नौकरी दिलाने के नाम पर 54 हजार रुपये ठगे
पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू की
जागरण संवाददाता, अमृतसर। थाना मजीठा रोड की पुलिस ने पंजाब होमगार्ड के जवान मनिंदर सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज किया है। आरोप है कि जवान ने कोट खालसा के दशमेश नगर निवासी कृष्णा को होमगार्ड में नौकरी दिलाने के बदले 54 हजार रुपये ठगे हैं।
एएसआई अमरजीत सिंह ने बताया कि आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। कृष्णा ने पुलिस को बताया कि कुछ साल पहले उसकी मुलाकात पंजाब होमगार्ड की पलटून कमांडेंट 21 कंपनी में तैनात मनिंदर सिंह के साथ हुई थी।
आरोपित ने उसे बताया था कि वह लोगों को नौकरी दिलाने का भी काम करता है। वह कई युवाओं को सरकारी और गैर सरकारी विभागों में अच्छी नौकरी दिलवा चुका है। कृष्णा ने पुलिस को बताया कि मनिंदर ने उसे कहा था कि वह उसे पंजाब होमगार्ड में एक लाख रुपये में नौकरी दिला देगा, लेकिन उसके पास इतने पैसे नहीं थे।
बाद में मामला 55 हजार रुपये में तय हो गया। आरोपित ने बताया था कि वह उसे 55 हजार रुपये में नौकरी दिला दे। शिकायतकर्ता ने बताया कि बड़ी मुश्किल से रिश्तेदारों से कर्ज उठाकर वह केवल 54 हजार और 320 रुपये का ही बंदोबस्त कर सका। सारे पैसे उसने आरोपित मनिंदर सिंह को दे दिए।
पैसे लेने के बाद आरोपित ने उसका मोबाइल भी उठाना छोड़ दिया। आरोपित ने न उसके पैसे लौटाए और न ही नौकरी दिलाई। अब उसे जान से मारने की धमकियां दे रहा है। कृष्णा ने सीपी से आरोपित की गिरफ्तारी की मांग की है।
