एचबी गन हाउस से 69 पिस्टल लूटने वाला मास्टरमाइंड विक्की साथी सहित गिरफ्तार
जंडियाला गुरु के एचएबी गन हाउस में गत वर्ष 69 पिस्टल लूटने वाले मास्टरमाइंड गैंगस्टर विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की भट्टी को थाना जंडियाला की पुलिस ने उसके साथी स्टीफन सहित गिरफ्तार कर लिया है।
संवाद सहयोगी, अजनाला: जंडियाला गुरु के एचएबी गन हाउस में गत वर्ष 69 पिस्टल लूटने वाले मास्टरमाइंड गैंगस्टर विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की भट्टी को थाना जंडियाला की पुलिस ने उसके साथी स्टीफन सहित गिरफ्तार कर लिया है। उनसे दो पिस्टल व छह कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
एसपी देहाती गौरव तुरा ने बताया कि कुछ महीने पहले जंडियाला गुरु के एचएब गन हाउस से अज्ञात लुटेरों ने 69 पिस्टल लूट लिए थे। इस पर कार्रवाई करते हुए देहाती पुलिस ने चार लुटेरों को काबू कर लिया था। साथ ही एक स्थान पर मिट्टी में छिपाए पिस्टल बरामद कर लिए थे, लेकिन इस घटना का मास्टरमाइंड गैंगस्टर विक्की पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। साथ ही करीब 12 पिस्टल भी बरामद करने बाकी थे। इसी दौरान बीते दिन थाना जंडियाला गुरु के प्रभारी सब इंस्पेक्टर हरचंद सिंह को सूचना मिली कि विक्की अपने साथी सटीफन सहित कार में सवार होकर जंडियाला गुरु से गुजरने वाला है। उन्होने नाकेबंदी करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को कोर्ट में पेश करके दो दिन का रिमांड हासिल किया गया है। एसपी तुरा ने बताया कि गैंगस्टर विक्की पर हत्या प्रयास, नशा तस्करी व लूट के पहले भी कई मामले दर्ज हैं। पुलिस पर गोली चलाने से पहले पकड़े गए
एसपी गौरव तुरा ने बताया कि थाना जंडियाला गुरु प्रभारी एसआइ हरचंद सिंह ने जब गैंगस्टर विक्की व उसके साथी सटीफन को पकड़ने की कोशिश की तो दोनों ने पुलिस पार्टी पर गोली चलाने की कोशिश की। समय पर ही पुलिस पार्टी ने दोनों को पकड़ लिया। फिल्हाल लूटे गए अन्य पिस्टल बरामद करने बाकी हैं।