विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'सज्जन कुमार के घर जाना पाप था', अकाल तख्त पहुंचकर दिल्ली से BJP सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने मांगी माफी

Published: Sat, 03 Oct 2026 06:47 PM (IST)

दिल्ली के भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने सज्जन कुमार के घर जाने को अपनी गलती मानते हुए श्री अकाल तख्त साहिब में माफी मांगी।

अकाल तख्त साहिब से रामवीर सिंह बिधूड़ी ने मांगी माफी। फोटो जागरण

अकाल तख्त साहिब से रामवीर सिंह बिधूड़ी ने मांगी माफी। फोटो जागरण

HighLights

  1. रामवीर बिधूड़ी ने सज्जन कुमार के घर जाने को गलती मानकर माफी मांगी।

  2. श्री अकाल तख्त साहिब में नतमस्तक होकर गुरु साहिब से क्षमा याचना की।

  3. जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज को क्षमा याचना पत्र सौंपा, पक्ष रखा।

जागरण संवाददाता, अमृतसर। दिल्ली के भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने दिल्ली सिख कत्लेआम के दोषी पूर्व कांग्रेस नेता सज्जन कुमार के घर अफसोस के लिए जाने को अपनी गलती मानते हुए शनिवार को श्री अकाल तख्त साहिब पहुंचकर माफी मांगी।

बिधूड़ी ने श्री अकाल तख्त साहिब में नतमस्तक होकर गुरु साहिब से क्षमा याचना की। इसके बाद उन्होंने सचिवालय में श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज से मुलाकात कर अपना क्षमा याचना पत्र सौंपा और अपना पक्ष रखा। इससे पहले बिधूड़ी ने पांच सितंबर 2026 को श्री अकाल तख्त साहिब सचिवालय में लिखित रूप में क्षमा याचना भेजी थी।

अकाल तख्त से मांगी माफी

अपनी क्षमा याचना में बिधूड़ी ने कहा कि वह हमेशा सज्जन कुमार के सिख कत्लेआम में दोषी होने के कारण उनके विरोध में बोलते रहे हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि ऐसे व्यक्ति के घर अफसोस के लिए जाना भी पाप है, जिसने सिख कत्लेआम में हिस्सा लिया हो। बिधूड़ी ने अपनी इस गलती के लिए श्री अकाल तख्त साहिब से क्षमा मांगी।

जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने कहा कि यह अच्छी बात है कि सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने अपनी गलती का अहसास करते हुए श्री अकाल तख्त साहिब से क्षमा याचना की है। उन्होंने कहा कि बिधूड़ी की क्षमा याचना से उन अन्य राजनीतिक नेताओं को भी सीख लेनी चाहिए, जो सज्जन कुमार के घर अफसोस के लिए गए थे।

खासकर कांग्रेस से जुड़े नेताओं को सिख कौम से माफी मांगनी चाहिए। इस मौके पर श्री अकाल तख्त साहिब सचिवालय में शिरोमणि अकाली दल दिल्ली इकाई के प्रधान परमजीत सिंह सरना भी उपस्थित थे।