नवजोत सिंह सिद्धू ने CM कैप्टन अमरिंदर सिंह को लिखा पत्र, कहा- मेरे मंत्री पद छोड़ते ही थम गए विकास कार्य
नवजोत सिंह सिद्धू ने कैप्टन अमरिंदर सिंह को पत्र लिखकर विकास कार्यों की गति को लेकर नाराजगी जताई है। कहा कि उनके क्षेत्र में उनके मंत्री पद छोड़ने के बाद विकास कार्य ठप हैं।
जेएनएन, अमृतसर। कैप्टन अमरिंदर सिंह (Captain Amarinder Singh) सरकार में मंत्रिमंडल का त्याग करने वाले नवजोत सिंह सिद्धू (Navjot Singh Sidhu) ने अब अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास की अनदेखी के आरोप लगाए हैैं। उन्होंनेे कैप्टन अमरिंदर सिंह को पत्र लिखकर नाराजगी जताई है। करीब ढाई साल तक प्रदेश के स्थानीय निकाय मंत्री रहे सिद्धू ने पत्र लिखकर कहा कि जब से उन्होंने मंत्रिमंडल छोड़ा है, उनके क्षेत्र का विकास रुक गया है। यहां कई प्रोजेक्ट शुरू ही नहीं किए जा रहे। यह जनता के साथ अन्याय है। क्षेत्र के रुके हुए विकास कार्य जल्द शुरू करवाए जाएं।
सिद्धू ने अमृतसर शहरी क्षेत्र के पांच रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण का मुद्दा उठाते हुए लिखा है कि अक्टूबर 2018 में उन्होंने 137 करोड़ की लागत से बनने वाले इन पुलों का नींवपत्थर रखा था। इनमें से दो आरओबी उनके पूर्वी हलके के थे। हालांकि आरओबी के निर्माण के लिए फंड व टेंडर जारी कर दिए गए थे, लेकिन अब तक निर्माण शुरू न होना समझ से परे है।
इसके अलावा दिसंबर-2019 में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह द्वारा पंजाब इन्वॉयरमेंटल इम्प्रूवमेंट प्रोजेक्ट फेज-1 के अंतर्गत उनके हलके के लिए पांच करोड़ के विकास कार्यों के लिए फंड जारी किए गए थे। सिद्धू ने मांग की कि इस राशि को तत्काल खर्च किया जाए। इसी प्रोजेक्ट के दूसरे चरण के अंतर्गत 24 करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी दी गई थी। इसमें से नगर सुधार ट्रस्ट द्वारा ईस्ट हलके के विकास के लिए 13 करोड़ की राशि जारी की गई। बाकी 11 करोड़ की राशि के विकास कार्यों की जानकारी भी दी गई, लेकिन काम शुरू नहीं किए गए। सिद्धू ने मुख्यमंत्री से मांग की कि यह सभी काम जल्द शुरू करवाए जाएं। बता दें कि मंत्रिमंडल छोड़ने के बाद से ही नवजोत सिंह सिद्धू ने मीडिया से दूरी बनाई हुई है। अपने समर्थकों को छोड़कर आम लोगों से भी नहीं मिल रहे।
यह भी पढ़ें: जब भगवान से यारी तो क्या करेगा पुजारी..., और उम्मीद पर दुनिया कायम, पढ़ें और भी रोचक खबरें...
यह भी पढ़ें: कर्फ्यू में पंजाब-हरियाणा में शराब बिक्री विवाद के बाद एक्साइज ऑफिस से रिकॉर्ड चोरी