संपत्ति के लिए करनी थी मां की हत्या, षडयंत्र नाकाम
अजनाला थानांतर्गत पड़ते सारंगदेव गांव में बेटे ने संपत्ति के विवाद में कुछ लोगों के साथ मिलकर अपनी मां की हत्या की साजिश रच डाली।
जागरण संवाददाता, अजनाला/अमृतसर : अजनाला थानांतर्गत पड़ते सारंगदेव गांव में बेटे ने संपत्ति के विवाद में कुछ लोगों के साथ मिलकर अपनी मां की हत्या की साजिश रच डाली। इस षडयंत्र की पोल खुल गई और पुलिस ने जांच के बाद बड़े बेटे सहित आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले में आरोपित बेटे हरदेव सिंह और उसके साले निक्का की काल रिकार्डिंग किसी तरह महिला के पास पहुंच गई। उधर, इंस्पेक्टर हरविदर सिंह ने बताया कि मामले की जांच करवाई जा रही है।
लखविदर सिंह की पत्नी प्रकाश कौर के बयान पर अजनाला पुलिस ने उसके बेटे हरदेव सिंह, बहू बलबीर कौर, आवान गांव निवासी निक्का, पूर्ण सिंह और चार अज्ञात आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया है। प्रकाश कौर ने पुलिस को बताया कि उसके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा हरदेव सिंह आटा चक्की संभालता है। छोटा बेटा मनजिदर सिंह अपनी पढ़ाई पूरी कर चुका है और रोजगार की तलाश में है। बड़ा बेटा और उसकी पत्नी अकसर संपत्ति को लेकर उनके साथ विवाद करता रहता है। हरदेव सिंह और उसकी पत्नी की नीयत उनकी जमीन, आटा चक्की और मकान पर है। वह इसे अपने नाम करवाना चाहते थे, जिसे उन्होंने मना कर दिया था। कुछ दिन पहले हरदेव सिंह ने अपने साले निक्का के साथ मोबाइल पर उनकी हत्या की साजिश रची थी। उक्त मोबाइल में रिकार्डिंग उनके बेटे के मोबाइल में रह गई। इसके बाद उन्होंने पुलिस को घटना के बारे में शिकायत की और रिकार्डिंग भी सौंपी। जांच के बाद पुलिस ने उक्त आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। प्रकाश कौर ने एसएसपी देहाती ध्रुव दहिया से इंसाफ की गुहार लगाते हुए बेटे और उसके साथियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।