विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमृतसर से ऐसे मुंबई पहुंचे हथियार, 2 लड़कियों का नाम भी जुड़ा; टाइगर श्रॉफ केस में बड़ा खुलासा

Published: Wed, 21 Oct 2026 06:12 PM (IST)

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर मुंबई में हुई फायरिंग की जांच में अमृतसर कनेक्शन सामने आया है। वारदात ...और पढ़ें

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग का अमृतसर कनेक्शन।

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग का अमृतसर कनेक्शन।

HighLights

  1. अमृतसर से मुंबई पहुंचे टाइगर श्रॉफ फायरिंग के हथियार।

  2. हथियार पहुंचाने के आरोप में चार और लोग गिरफ्तार।

  3. दो युवतियों ने दिल्ली से मुंबई तक पहुंचाए हथियार।

जागरण संवाददाता, अमृतसर। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर मुंबई में हुई फायरिंग की जांच में अमृतसर कनेक्शन सामने आया है।

पुलिस के अनुसार वारदात में इस्तेमाल के लिए एक पिस्तौल और बीस कारतूस अमृतसर में पहले से तय गुप्त स्थान पर रखे गए थे। वहां से हथियार उठाने के बाद उन्हें दिल्ली के रास्ते ट्रेन से मुंबई पहुंचाया गया।

इस मामले में हथियारों की व्यवस्था करने और उन्हें मुंबई तक पहुंचाने के आरोप में चार अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले तीन कथित शूटरों को राजस्थान के कोटा से पकड़ा गया था।

राधा और बबीता नाम की दो युवतियों भी शामिल

हथियारों की खेप अमृतसर से हासिल करने की जिम्मेदारी हरियाणा के सोनीपत निवासी कुणाल और सुमित को दी गई थी। कुणाल ने विदेश में बैठे अनिल पंडित के निर्देश पर पिस्तौल और कारतूस हासिल किए। इसके बाद उसने राधा और बबीता नामक दो युवतियों के माध्यम से हथियार मुंबई पहुंचाने की व्यवस्था की।

दोनों युवतियां उत्तर प्रदेश की रहने वाली हैं और हरियाणा के सोनीपत में काम करती थीं।15 अक्टूबर को उन्हें नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से मुंबई जाने वाली ट्रेन में बैठाया गया। पिस्तौल राधा के बैग में रखी गई थी और यात्रा के दौरान कुणाल उनसे संपर्क में रहा।

जांच एजेंसियों के अनुसार, दोनों युवतियां 17 अक्टूबर को मुंबई के दादर स्टेशन पहुंचीं और एक होटल में ठहरीं। इसके बाद एक युवक ने राधा से बैग ले लिया।

अगले दिन 18 अक्टूबर की शाम मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग हुई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अमृतसर में हथियार किसने रखे थे और इस पूरी व्यवस्था के पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे।